जिला औषधि भंडार एवं जिला अस्पताल सब स्टोर का किया सीएमएचओ ने औचक निरीक्षण।
बूँदी -स्मार्ट हलचल|जिले में बढ़ती भीषण गर्मी और लू-तापघात के खतरे को देखते हुए चिकित्सा विभाग अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में सोमवार को सीएमएचओ डॉ. ओ.पी. सामर ने अपने नियमित निरीक्षण कार्यक्रम के तहत जिला औषधि भंडार सहित जिला अस्पताल के सब स्टोर का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने बढ़ते तापमान और बिजली कटौती के बीच दवाइयों के सुरक्षित एवं उचित रखरखाव की व्यवस्थाओं को प्राथमिकता से परखा। साथ ही पूर्व निरीक्षण के दौरान सामने आई खामियों में सुधार हुआ या नहीं, इसकी भी बिंदुवार जांच कर संबंधित कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सीएमएचओ डॉ. सामर ने स्पष्ट रूप से कहा कि दवाइयों की गुणवत्ता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसके लिए कोल्ड चेन मेंटेनेंस हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि तापमान में वृद्धि के चलते दवाइयों के खराब होने की संभावना को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जाए और भंडारण व्यवस्था को मानकों के अनुरूप रखा जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान मौसम में लू एवं तापघात के मामलों में वृद्धि की आशंका को देखते हुए जिले के सभी चिकित्सा संस्थानों पर आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता और सतत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को समय पर उपचार मिल सके।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने दवाइयों की उपलब्धता, स्टॉक रजिस्टर, भंडारण व्यवस्था, साफ-सफाई तथा स्टाफ की उपस्थिति का गहन निरीक्षण किया। साथ ही व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए मौके पर ही आवश्यक सुधारात्मक निर्देश भी दिए।
इस दौरान जिला औषधि भंडार एवं जिला अस्पताल सब स्टोर का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
