लाखेरी – स्मार्ट हलचल|उपखंड क्षेत्र के इंदरगढ़ थाना क्षेत्र में इन दिनों कानून व्यवस्था की तस्वीर पूरी तरह बदली हुई नजर आ रही है। पुलिस की सख्त, सक्रिय और संवेदनशील कार्यशैली के चलते जहां आमजन में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण बना है, वहीं अपराधियों और असामाजिक तत्वों में स्पष्ट खौफ व्याप्त है। थाना अधिकारी रामलाल मीणा के नेतृत्व में लगातार हो रही ताबड़तोड़ कार्यवाही ने यह साबित कर दिया है कि कानून से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
*15 लाख की चोरी का 24–35 घंटे में खुलासा*
हाल ही में इंद्रगढ़ क्षेत्र में हुई 15 लाख रुपये की बड़ी चोरी की वारदात ने पूरे इलाके को हिला दिया था। पीड़ित परिवार गहरे सदमे में था और आमजन में चिंता का माहौल था। लेकिन पुलिस ने त्वरित एवं रणनीतिक कार्यवाही करते हुए महज 24 से 35 घंटे के भीतर मामले का सफल खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया। इतनी कम अवधि में बड़ी वारदात का पर्दाफाश होना पुलिस की सतर्कता, तकनीकी दक्षता और मजबूत टीमवर्क का प्रमाण माना जा रहा है। इस कार्रवाई से जनता में विश्वास और अपराधियों में खौफ और अधिक बढ़ा है।
*कंजर बस्ती मोहनपुरा में 3 लुटेरे गिरफ्तार*
कंजर बस्ती मोहनपुरा क्षेत्र में लगातार मिल रही लूटपाट की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सख्त कदम उठाया। पहली बार लूट के प्रकरण में तीन युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
इस प्रभावी कार्रवाई के बाद क्षेत्र में असामाजिक तत्वों के हौसले पस्त हुए हैं और आमजन ने राहत की सांस ली है। पुलिस की सक्रिय निगरानी से इस प्रकार की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगा है।
*अपहरण व 5 लाख की फिरौती कांड का खुलासा*
अपहरण और 5 लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले में फरार चल रहे आरोपियों को भरतपुर और गंगापुर सिटी से दबोचकर गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजा गया।
इस कार्रवाई ने यह स्पष्ट कर दिया कि गंभीर अपराधों में संलिप्त आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस लंबित मामलों में भी सतत प्रयासरत है।
*अवैध नशे के कारोबार पर विशेष अभियान*
इंद्रगढ़ कस्बे सहित आसपास के क्षेत्रों में गांजा सहित अन्य मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के उद्देश्य से सख्त निगरानी और लगातार धरपकड़ की जा रही है। पुलिस की इस सख्ती से नशा कारोबारियों में हड़कंप है, जबकि अभिभावकों और सामाजिक संगठनों ने राहत महसूस की है।
*चम्बल चाकण नदी क्षेत्र में अवैध खनन पर शिकंजा*
चम्बल चाकण नदी क्षेत्र में सक्रिय बजरी माफिया पर भी पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। अवैध खनन को लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
दौलतपुरा, नवलपुरा, चांदाकला, पापड़ा और सुमेरगंज मंडी सहित आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। कई मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा गया है। पुलिस की इस सख्ती से अवैध खनन में संलिप्त लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
*नवरात्रा में बिजासन माता मेले में उत्कृष्ट कानून व्यवस्था*
नवरात्रा के अवसर पर आयोजित बिजासन माता जी मेले में पुलिस की व्यवस्था की आमजन ने भूरी-भूरी प्रशंसा की। मेले के दौरान जेबकतरों, चैन स्नैचिंग, चोरी या लूटपाट जैसी कोई भी घटना सामने नहीं आई। श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर विशेष गश्त, निगरानी और नियंत्रण व्यवस्था की गई थी। मेले में शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण बनाए रखना पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। बोर्ड परीक्षा और त्योहारों को लेकर जन सहभागिता बैठक थाना इंद्रगढ़ परिसर में बोर्ड परीक्षाओं के दौरान डीजे और साउंड बैंड बंद रखने के आह्वान को लेकर इनके संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई। साथ ही आगामी महाशिवरात्रि और होली पर्व को ध्यान में रखते हुए सीएलजी सदस्यों, पुलिस मित्रों, सुरक्षा सखी और थाना हल्का क्षेत्र इंद्रगढ़ के आम नागरिकों के साथ जन सहभागिता बैठक ली गई।
बैठक में महिला एवं बाल अपराध, साइबर ठगी, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों और अपराधियों की धरपकड़ में सहयोग को लेकर विस्तार से संवाद किया गया। नागरिकों ने अपनी समस्याएं रखीं और समाधान के सुझाव भी दिए।
थाना अधिकारी ने नागरिकों से पुलिस प्रशासन के प्रत्येक राजकीय कार्य में सहयोग करने और कानून व शांति व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी की अपील की। बैठक में क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिकों और समाज के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
स्पष्ट संदेश
मुख्य बाजार से लेकर ग्रामीण इलाकों तक नियमित गश्त और निगरानी से शांति व्यवस्था सुदृढ़ हुई है। इंद्रगढ़ से स्पष्ट संदेश है, कानून से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इंद्रगढ़ में वर्तमान पुलिसिंग ने यह साबित कर दिया है कि सशक्त नेतृत्व, सतर्क रणनीति और जन सहयोग से कानून व्यवस्था में सकारात्मक और स्थायी परिवर्तन संभव है।
