– 48 घंटे में ‘मौत के सौदागर’ का पर्दाफाश: डिग्गी थाना पुलिस की सख्ती से हत्यारा सलाखों के पीछे
शिवराज बारवाल मीना
टोंक/डिग्गी। स्मार्ट हलचल|जिले के मालपुरा सर्किल अंतर्गत डिग्गी थाना पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्या कांड का महज 48 घंटे में खुलासा कर अपनी मुस्तैदी और सख्ती का जबरदस्त परिचय दिया है। कलमंडा मस्जिद में नमाजी को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की दिल दहला देने वाली घटना में फरार आरोपी को पुलिस ने आखिरकार दबोच लिया।
जानकारी अनुसार घटना 19 मार्च की है, जब कलमंडा मस्जिद में पुरानी रंजिश के चलते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी अब्दुल रशीद अहमद (21) पुत्र रमजान खान निवासी मालकोशनी तहसील बिलाड़ा जिला जोधपुर ने नमाजी हकीम खान पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस खौफनाक वारदात में हकीम खान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
*48 घंटे का लगातार ऑपरेशन-आखिरकार गिरफ्तारी*
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीणा (आईपीएस) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मालपुरा पुष्पेन्द्र सिंह सोलंकी और डीएसपी आशीष कुमार प्रजापत के सुपरविजन में थानाधिकारी गोपाल चौधरी के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी संसाधनों और फील्ड इंटेलिजेंस का सहारा लेते हुए लगातार 48 घंटे तक सघन तलाश अभियान चलाया और आरोपी को पाली जिले के मण्डला क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
*वारदात ने झकझोरा इलाका*
रमजान के महीने में मस्जिद जैसे पवित्र स्थान पर हुई इस जघन्य घटना ने लोगों को अंदर तक हिला दिया। पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की इस निर्मम वारदात ने पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया।
*पुलिस का सख्त संदेश*
टोंक पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि अपराधी कितनी भी चालाकी कर लें, कानून के शिकंजे से बच नहीं सकते। इस कार्रवाई से न सिर्फ एक बड़े हत्याकांड का खुलासा हुआ, बल्कि आमजन में कानून व्यवस्था के प्रति विश्वास भी और मजबूत हुआ है।
