डाक टिकटों के जरिए विद्यार्थियों ने जानी देश की गौरवशाली विरासत

आदर्श विद्या मंदिर में राष्ट्रीय डाक सप्ताह के तहत क्विज और पत्र लेखन प्रतियोगिता आयोजित, 60 विद्यार्थियों ने लिया भाग

अनिल कुमार खींची

ब्यावर ।स्मार्ट हलचल । राष्ट्रीय डाक सप्ताह के तहत सोमवार को आदर्श विद्या मंदिर, ब्यावर में ‘फन विद फिलेटली डे’ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को डाक टिकट संग्रह के महत्व से अवगत कराते हुए भारतीय इतिहास, संस्कृति, महापुरुषों और प्राकृतिक धरोहरों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में डाक टिकटों के माध्यम से ज्ञानवर्धन के साथ विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में डाक टिकट संग्रह के प्रति रुचि विकसित करने के लिए फिलेटली क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता के विजेताओं को उपहार देकर सम्मानित किया गया।

इसके बाद ‘ढाई आखर राष्ट्रीय पत्र लेखन प्रतियोगिता-2026’ आयोजित हुई। प्रतियोगिता का विषय ‘धरती माता के नाम पत्र: प्रकृति की रक्षा का मेरा संकल्प’ रखा गया। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को पत्र लेखन के महत्व से परिचित कराने के साथ पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में कक्षा 5वीं से 8वीं तक के करीब 60 विद्यार्थियों ने भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में डाक टिकट संग्रह के प्रति रुचि बढ़ाने, डाक विभाग की गतिविधियों से परिचित कराने तथा पत्र लेखन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।