Homeसीकरकृषि व जीव विज्ञान के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित...

कृषि व जीव विज्ञान के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करने के साथ नई तकनीकों का ज्ञान किया गया प्रदान

मनोज खंडेलवाल

दौसा, सिकराय: स्मार्ट हलचल/भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, नई दिल्ली के प्रधान वैज्ञानिक एवं अनुसूचित जनजाति उपयोजना के नोडल अधिकारी डॉ. महेश चंद मीणा ने महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में कृषि एवं जीव विज्ञान के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के प्रति जागरूक और प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को कृषि शिक्षा के महत्व और इसमें विकसित हो रही नई-नई तकनीकों की जानकारी दी। डॉ. मीणा ने स्कूल शिक्षा के बाद विश्वविद्यालयों में प्रवेश के लिए जरूरी परीक्षाओं जैसे एनटीए और जेईटी की तैयारियों के मूल मंत्र समझाए और बताया कि लगन और मेहनत से कोई भी परीक्षा कठिन नहीं होती। विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर उस तक पहुंचने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा देते हुए उन्होंने कहा कि सफलता मेहनत और समर्पण से ही संभव है। इसके साथ ही उन्होंने सरकार द्वारा उच्च शिक्षा में विभिन्न विषयों के लिए प्रदान की जा रही फैलोशिप योजनाओं की जानकारी दी, जिससे विद्यार्थियों के परिवारों पर आर्थिक बोझ कम हो सके। विद्यार्थियों ने इस दौरान कई सवाल पूछे, जिनका डॉ. मीणा ने विस्तार से उत्तर देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया। इस प्रेरणादायक कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य सोहन लाल बैरवा, कृषि विषय के व्याख्याता जय सिंह मीणा, जीव विज्ञान की व्याख्याता ममता वर्मन, रसायन विज्ञान के व्याख्याता रामकेश मीणा, भौतिक विज्ञान के व्याख्याता रूपेश कुमार शर्मा, शिक्षक कालूराम, देवेंद्र सैनी, राजेश मीणा, संदीप गोयल, धनभाई मीणा और अन्य शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम में लगभग 100 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

स्मार्ट हलचल न्यूज़ पेपर 31 जनवरी 2025, Smart Halchal News Paper 31 January 2025
स्मार्ट हलचल न्यूज़ पेपर 31 जनवरी 2025, Smart Halchal News Paper 31 January 2025
news paper logo
RELATED ARTICLES