शिक्षक के तबादले के विरोध में छात्रों ने किया एनएच-148डी जाम, दो घंटे बाधित रहा यातायात

“शिक्षक नहीं तो टीसी दो” के नारे लगाए, रिक्त पद भरने की भी उठाई मांग

अरवड़, स्मार्ट हलचल। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अरवड़ में पदस्थापित शिक्षक रामेश्वर चौधरी के स्थानांतरण के विरोध में मंगलवार सुबह छात्र-छात्राओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। शिक्षक का तबादला निरस्त करने और उन्हें विद्यालय में ही बनाए रखने की मांग को लेकर विद्यार्थियों ने भीम-उनियारा एनएच-148डी पर करीब दो घंटे तक जाम लगा दिया।

सुबह करीब 6 बजे बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं विद्यालय से निकलकर शनिमहाराज चौराहे पर पहुंचे और सड़क पर कांटों की बाड़ तथा पेड़ों की टहनियां डालकर यातायात रोक दिया। प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने “शिक्षक नहीं तो टीसी दो” सहित विभिन्न नारे लगाए और धरने पर बैठ गए।

जाम के कारण हाईवे के दोनों ओर करीब दो-दो किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा।

प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों का कहना था कि शिक्षक रामेश्वर चौधरी के स्थानांतरण से उनकी पढ़ाई प्रभावित होगी। उन्होंने मांग की कि स्थानांतरण आदेश तत्काल निरस्त कर शिक्षक को पुनः विद्यालय में ही पदस्थापित किया जाए।

सूचना मिलते ही फूलियाकलां तहसीलदार रामदेव धाकड़, अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सत्यनारायण कुमावत तथा फूलियाकलां थानाधिकारी दिनेश कुमार पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से समझाइश कर विद्यालय में शिक्षकों की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब सुबह 8 बजे विद्यार्थियों ने जाम समाप्त कर दिया और यातायात पुनः सुचारु हो सका।

विद्यार्थियों ने इस दौरान विद्यालय में लंबे समय से रिक्त पड़े गणित, अंग्रेजी, हिंदी साहित्य, अंग्रेजी वरिष्ठ अध्यापक, लेवल-प्रथम, लेवल-द्वितीय, प्रधानाचार्य एवं उपप्रधानाचार्य सहित विभिन्न पदों को शीघ्र भरने की भी मांग की। उनका कहना था कि शिक्षकों की कमी के कारण अध्ययन व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है।