श्रीराम के आदर्शों से प्रेरित हों विद्यार्थी : राजेश कृष्ण बिरला

सत्य और मर्यादा के मार्ग पर चलें विद्यार्थी : राजेश कृष्ण बिरला
रावण दहन से दिया अहंकार और अधर्म के अंत का संदेश
15 फीट ऊंचे पुतलों का दहन, श्रीराम के जयघोष से गूंजा एमपीएस परिसर

कोटा। स्मार्ट हलचल|महेश्वरी पब्लिक स्कूल के मैदान में रावण दहन महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। भगवान शिव की पूजा-अर्चना और भजनों के बीच शुरू हुए समारोह में विद्यार्थियों ने शिव और श्रीराम की महिमा पर आधारित नृत्य प्रस्तुतियों व नृत्य-नाटिका से समां बांधा। इसके बाद 15 फीट ऊंचे रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया गया। रंग-बिरंगी आतिशबाजी के बीच मैदान श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए माहेश्वरी समाज कोटा के अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला ने विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व हमें स्मरण कराता है कि अहंकार और अधर्म का अंत निश्चित है। जीवन में सफलता और सम्मान पाने के लिए सत्य के मार्ग पर चलना तथा मर्यादाओं का पालन करना आवश्यक है। विद्यार्थियों को भगवान श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में सत्य, सदाचार और अनुशासन को अपनाना चाहिए।
समाज के उपाध्यक्ष नंद किशोर काल्या ने कहा कि विजयादशमी की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब हम अपने भीतर की बुराइयों और विकारों को समाप्त करने का संकल्प लें। समाज के मंत्री बिट्ठल दास मूंदड़ा ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान अर्जित करना नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण भी है। भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा और आदर्शों का सर्वोत्तम उदाहरण है।

समारोह में नवनिर्वाचित कोटा महापौर अनसुइया गोस्वामी भी उपस्थित रहीं। मंत्री बिठ्ठलदास मूंदडा,उपाध्यक्ष नंदकिशोर काल्या,कोषाध्यक्ष राजेन्द्र शारदा, स्कूल प्रशासक राजेंद्र कुमार जैन, प्राचार्य अमित कुमार शर्मा और उपप्राचार्य भक्ति निगम ने अतिथियों का तिलक लगाकर और माल्यार्पण कर स्वागत किया। प्राचार्य अमित कुमार शर्मा ने विद्यालय की प्रगति और सांस्कृतिक गतिविधियों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की तथा उन्हें भारतीय संस्कृति और सनातन संस्कारों से जुड़े रहने का संदेश दिया।
समारोह के समापन पर राजेश कृष्ण बिरला सहित अतिथियों ने बालभवन की शिक्षिकाओं द्वारा तैयार रावण परिवार के पुतलों और नन्हे-मुन्ने बच्चों की झांकी की सराहना की।