अड्डा के राजकीय स्कूल में शिक्षकों की कमी होने से पढ़ाई बाधित

सूरौठ। स्मार्ट हलचल|गांव अड्डा के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में शिक्षकों के पद रिक्त होने के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित हो रही है। इस संबंध में अखिल भारतीय गुर्जर देव सेना के राष्ट्रीय महासचिव नरोत्तम सिंह तंवर एवं अन्य ग्रामीणों ने राज्य के शिक्षा मंत्री को पत्र लिखकर स्कूल में अध्यापकों की नियुक्ति करवाने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि कक्षा 1 से 8 तक संचालित इस स्कूल में मात्र दो शिक्षक नियुक्त हैं। इनमें से भी एक शिक्षक बीएलओ कार्यों में व्यस्त रहते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले एक वर्ष से मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को अवगत कराने के बावजूद भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया है। ग्रामीणों ने जल्द ही राजकीय स्कूल में पर्याप्त अध्यापकों की नियुक्ति करवाने की मांग की है।