उपखंड अधिकारी के आदेश पर भूमि विवाद की जांच रिपोर्ट पेश-शिकायत में राजस्व रिकॉर्ड सही पाए गए

शिवराज बारवाल मीना
टोंक/उनियारा। स्मार्ट हलचल|तहसीलदार कार्यालय उनियारा द्वारा भूमि विवाद से जुड़े एक मामले में विस्तृत जांच रिपोर्ट उपखण्ड अधिकारी उनियारा को प्रस्तुत की गई है। यह रिपोर्ट उपखंड अधिकारी उनियारा के निर्देश पर तैयार की गई, जिसमें राजस्व रिकॉर्ड, मौके की स्थिति और संबंधित पक्षों के दावों की जांच की गई।
राजस्व रिपोर्ट के अनुसार, प्रार्थिया परिवादी मौसमी मीना पत्नी रामप्रसाद मीना द्वारा प्रस्तुत परिवाद के संबंध में पटवारी हल्का उनियारा सहित राजस्व टीम से जांच करवाई गई। जांच में सामने आया कि ग्राम उनियारा तन के राजस्व रिकॉर्ड में खसरा नंबर 4625, रकबा 1.6995 हेक्टेयर भूमि सही रूप से दर्ज है। वहीं, इसी खसरे को लेकर प्रार्थिया मौसमी मीना एवं पड़ोसी कमलेश उर्फ कमल मीना के बीच विवाद सामने आया है, जो वर्तमान में न्यायालय उपखण्ड अधिकारी उनियारा में वाद संख्या 53/2025 के तहत विचाराधीन है। न्यायालय द्वारा अस्थायी निषेधाज्ञा भी जारी की गई है, जिसकी पालना सुनिश्चित कराने के लिए तहसीलदार कार्यालय द्वारा आदेश जारी किए गए हैं,मौके की रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित भूमि पर अमरूद के लगभग 350 पौधे लगे हुए हैं तथा फसल खड़ी है। इसके अलावा, राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज रास्ता (खसरा नंबर 4635 व 4628) को लेकर भी विवाद पाया गया है। रिपोर्ट में बताया गया कि उक्त रास्ते पर एक पक्ष द्वारा गेट (फाटक) लगाकर आवागमन बाधित किया गया है, जिसे लेकर तहसीलदार न्यायालय में धारा 251 के तहत प्रकरण विचाराधीन है। एक अन्य बिंदु में सरकारी भूमि खसरा नंबर 4836 पर अवैध कब्जे की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए 13 अगस्त 2025 को अतिक्रमण हटवाया जाना भी रिपोर्ट में दर्ज है। रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित विवादों के निस्तारण हेतु न्यायालय के आगामी आदेशों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।