शिवराज बारवाल मीना
टोंक ।स्मार्ट हलचल|राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित उप निरीक्षक एवं प्लाटून कमाण्डर प्रतियोगी परीक्षा 2025 का आयोजन 5 व 6 अप्रैल को जिले के 24 परीक्षा केन्द्रों पर किया जाएगा। परीक्षा दोनों दिन दो पारियों में आयोजित होगी, जिसमें पहली पारी प्रातः 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा दूसरी पारी दोपहर 3 बजे से सायं 5 बजे तक होगी।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर, टोंक रामरतन सौकरियां ने बताया कि परीक्षा में कुल 19 हजार 248 अभ्यर्थी भाग लेंगे। परीक्षा के सफल एवं पारदर्शी संचालन के लिए 4 सतर्कता दलों का गठन किया गया है, जो विभिन्न केन्द्रों पर निगरानी रखेंगे। उन्होंने बताया कि परीक्षा केन्द्रों पर अभ्यर्थियों की कड़ी सुरक्षा जांच की जाएगी। अभ्यर्थियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित वेशभूषा में ही परीक्षा केन्द्र पर उपस्थित हों। पुरुष अभ्यर्थियों के लिए आधी आस्तीन की शर्ट/टी-शर्ट/कुर्ता के साथ पेंट या पायजामा तथा हवाई चप्पल या स्लीपर अनिवार्य रहेगा। वहीं महिला अभ्यर्थी सलवार सूट या साड़ी, आधी आस्तीन का कुर्ता/ब्लाउज तथा साधारण रबर बैंड के साथ बाल बांधकर आएंगी।परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार के आभूषण, घड़ी, धूप का चश्मा, बेल्ट, हैंड बैग, हेयर पिन, ताबीज, कैप, स्कार्फ, स्टॉल, शॉल या मफलर पहनने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। केवल लाख या कांच की पतली चूड़ियों की अनुमति दी गई है। एडीएम ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी असुविधा या परेशानी से बचा जा सके।
