देश की प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता के बाद पहली बार ननिहाल पहुंचीं साक्षी जैन, मिला ऐतिहासिक सम्मान

दिलखुश मोटीस

सावर(अजमेर)@स्मार्ट हलचल।ग्राम कालेड़ा कंवरजी की मूल निवासी परिवार की दोहती एवं भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक (AIR)-37 प्राप्त करने वाली साक्षी जैन के पहली बार अपने ननिहाल आगमन पर रविवार को ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया। गांव में इस ऐतिहासिक उपलब्धि को लेकर उत्साह का माहौल रहा।
चारभुजा मंदिर परिसर में आयोजित अभिनंदन समारोह में साक्षी जैन, उनके माता-पिता तथा नाना पक्ष के परिवारजनों का साफा बंधवाकर, माल्यार्पण, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर साक्षी जैन की सफलता पर गर्व व्यक्त किया।
अपने संबोधन में आईएएस अधिकारी साक्षी जैन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यदि उन्हें परिवार का सहयोग, बेहतर शिक्षा और सही मार्गदर्शन मिले तो वे देश की सबसे कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में भी सफलता हासिल कर सकती हैं। उन्होंने युवाओं से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।
समारोह में ग्राम पंचायत कालेड़ा कंवरजी के सरपंच अर्पित जोशी, पूर्व सरपंच गोपाल सिंह, गजानंद टेलर, राजेंद्र प्रसाद शर्मा, पूर्व उपसरपंच सुगनचंद जैन, संजय जैन, उत्तमचंद जैन, हंसराज लोधा, नरेंद्र सिंह, गोपाललाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने कहा कि साक्षी जैन की उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी सफलता से गांव की बेटियों और युवाओं में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के प्रति नया उत्साह पैदा होगा। समारोह का वातावरण पूरे समय सम्मान, गौरव और प्रेरणा से ओत-प्रोत रहा।