गौरव पारीक
बोबास। स्मार्ट हलचल|कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत बोबास गांव में ममता हेल्थ कैंप का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कैंप का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार लाना तथा उन्हें सुरक्षित मातृत्व के प्रति जागरूक करना था।कैंप के दौरान गर्भवती महिलाओं को आयरन, कैल्शियम एवं प्रोटीन पाउडर सहित आवश्यक पोषण पूरक सामग्री वितरित की गई। पीएचसी प्रभारी डॉ. गणेश चौधरी ने सभी गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें संतुलित एवं पौष्टिक आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच, पर्याप्त आराम तथा गर्भावस्था के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाओं ने भाग लेकर स्वास्थ्य जांच करवाई तथा जागरूकता सत्र में सक्रिय सहभागिता निभाई। इस दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा सुरक्षित प्रसव से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कैंप में श्री सीमेंट की ओर से अधिकारी पुनीत जैन, विनय रॉबर्ट एवं सरपंच रूपनारायण
राजेंद्र सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और सामुदायिक विकास के लिए ऐसे कार्यक्रमों को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए भविष्य में भी इस प्रकार की जनकल्याणकारी गतिविधियों के निरंतर आयोजन की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
ग्रामीण महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास बताया। ममता हेल्थ कैंप ने गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी, परामर्श एवं पोषण सहयोग उपलब्ध कराकर ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
