लाखेरी -स्मार्ट हलचल।कस्बे के विद्या भारती द्वारा संचालित आदर्श विद्या मंदिर में दिनांक 16 मई 2026 से 30 जून 2026 तक आयोजित ग्रीष्मकालीन अभिरुचि शिविर, कंप्यूटर कक्षाओं का सफलतापूर्वक समापन हुआ। लगभग दो माह तक चले इस शिविर में कुल 44 बालक बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिनमें 14 बालक एवं 30 बालिका सम्मिलित रहे। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में कंप्यूटर के प्रति रुचि जागृत करना तथा तकनीकी कौशल का विकास करना था। इस अवधि में विद्यार्थियों को कंप्यूटर की आधारभूत जानकारी, एम.एस. ऑफिस, इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग, टाइपिंग, पेंट, डिजिटल साक्षरता एवं अन्य व्यावहारिक अनुप्रयोगों का प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों ने नियमित उपस्थित रहकर अनुशासन एवं लगन के साथ सभी गतिविधियों में भाग लिया। समापन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य ने कहा कि वर्तमान युग में कंप्यूटर शिक्षा की महत्ता को देखते हुए यह शिविर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी प्रशिक्षकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया तथा भैया-बहिनों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। अभिभावकों ने भी विद्यालय के इस प्रयास की सराहना की।
