संडे ऑन साइकिल का 100वां आयोजन संपन्न, 350 से अधिक लोगों ने निकाली साइकिल रैली

एसडीएम सिद्धार्थ चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, ओलंपिक 2036 की तैयारी और नशामुक्ति का दिया संदेश

सैफई, इटावा।स्मार्ट हलचल|प्रधानमंत्री के दिशानिर्देश पर खेलों और फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रत्येक रविवार आयोजित किए जा रहे ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान का 100वां आयोजन रविवार को मास्टर चंदगीराम स्पोर्ट्स स्टेडियम, सैफई में उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। 22 दिसंबर 2024 से लगातार आयोजित हो रहे इस अभियान के शतकीय आयोजन में 350 से अधिक छात्र-छात्राओं और स्थानीय लोगों ने प्रतिभाग कर साइकिल चलाने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और खेलों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
वर्ष 2036 में भारत में प्रस्तावित ओलंपिक खेलों के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से इस बार कार्यक्रम की थीम “कॉमनवेल्थ की बारी है, ओलंपिक की तैयारी है” रखी गई। आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में एसडीएम सैफई सिद्धार्थ चौधरी उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में एस.एस. मेमोरियल स्कूल सैफई के एस.एन. यादव तथा सुघर सिंह इंटर कॉलेज सैफई के राजेश यादव ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मास्टर चंदगीराम स्पोर्ट्स स्टेडियम में योगाभ्यास के साथ हुआ। योगाभ्यास के माध्यम से प्रतिभागियों को नियमित व्यायाम और शारीरिक फिटनेस के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। इसके बाद उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। आयोजन के दौरान रस्साकशी प्रतियोगिता भी कराई गई, जिसमें प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
इसके बाद मुख्य अतिथि एसडीएम सिद्धार्थ चौधरी ने पांच किलोमीटर की साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली मास्टर चंदगीराम स्पोर्ट्स स्टेडियम से शुरू होकर तहसील रोड, किसान बाजार और मेडिकल चौराहा होते हुए वापस भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) सेंटर पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने साइकिल चलाने, फिट रहने, नशे से दूर रहने और खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। रैली समाप्त होने के बाद सभी प्रतिभागियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई।
आयोजन में 350 से अधिक छात्र-छात्राओं और स्थानीय लोगों की भागीदारी रही। 100वें आयोजन के अवसर पर प्रतिभागियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने और भविष्य में अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भारत की भागीदारी तथा उपलब्धियों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम के प्रभारी एथलेटिक्स कोच जितेंदर कुमार रहे। आयोजन को सफल बनाने में डीईओ अमित झा, हैंडबॉल कोच सुगंथन आर., एथलेटिक्स कोच अमित कुमार, वार्डन दीपेश तथा एमटीएस अनुज कुमार का विशेष सहयोग रहा। आयोजन के समापन पर प्रतिभागियों ने नियमित रूप से साइकिल चलाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।