नवरात्रा महोत्सव के बीच आज रविवार को शाम 7:30 बजे होगी विशेष महाआरती
भीलवाड़ा (महेन्द्र नागौरी)
स्मार्ट हलचल|नवरात्रा महोत्सव के पावन अवसर पर शहर स्थित श्री बाबाधाम शक्तिपीठ में शनिवार शाम आयोजित 1093वें सुंदरकाण्ड पाठ में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। श्याम नगर, पुलिस लाइन के आगे स्थित बाबा धाम परिसर में सायं 8 बजे शुरू हुए इस धार्मिक आयोजन में सैकड़ों भक्तों ने भाग लेकर भक्ति भाव से हनुमान जी की आराधना की।
श्री बाबाधाम की परंपरा के अनुसार प्रत्येक शनिवार को नियमित रूप से सुंदरकाण्ड पाठ आयोजित किया जाता है, जिसमें श्रद्धालुओं को श्री बालाजी की ज्योत प्रज्वलित करवाने तथा आरती में सहभागी बनने का अवसर मिलता है। इस अवसर पर उपस्थित भक्तों ने अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थनाएं कीं।
संस्था अध्यक्ष विनीत अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि रात्रि 10 बजे सुंदरकाण्ड पाठ पूर्ण हुआ, जिसके पश्चात 10:15 बजे आरती संपन्न हुई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं धर्मप्रेमी नागरिकों की भी उपस्थिति रही।
नवरात्रा महोत्सव के तहत बाबा धाम शक्तिपीठ को आकर्षक विद्युत सज्जा, रंग-बिरंगी झंडियों, चुनरियों एवं पुष्पों से भव्य रूप दिया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दर्शन की समुचित व्यवस्था सेवादारों द्वारा की जा रही है। समस्त धार्मिक अनुष्ठान अध्यक्ष विनीत अग्रवाल के सानिध्य में पंडित गोविन्द गौतम व अन्य आचार्यों द्वारा विधि-विधान एवं मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न कराए जा रहे हैं।
नवरात्रा के दौरान प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को सायं 7:30 बजे विशेष महाआरती का आयोजन किया जाएगा, जिसमें अधिकाधिक संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की अपील की गई है।
