चित्तौड़गढ़, स्मार्ट हलचल। नगर परिषद के वार्ड संख्या 18 एवं 19 में पिछले एक माह से गंदे एवं दूषित पेयजल की आपूर्ति से परेशान वार्डवासियों की समस्या को लेकर शहर कांग्रेस कमेटी के साउथ जोन मंडल अध्यक्ष एवं निवर्तमान पार्षद विजय चौहान के नेतृत्व में बुधवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।ज्ञापन में बताया गया कि पिछले एक माह से अधिक समय से क्षेत्र में अत्यंत गंदा, बदबूदार एवं मटमैला पानी सप्लाई हो रहा है, जिससे पेयजल पीने योग्य नहीं रह गया है। दूषित पानी के कारण क्षेत्र में बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है तथा बच्चों एवं बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि वार्ड संख्या 18 एवं 19 में अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के गरीब परिवार बड़ी संख्या में निवास करते हैं। अधिकांश लोग दैनिक मजदूरी, नगर परिषद सफाईकर्मी अथवा छोटे-मोटे व्यवसाय एवं रेहड़ी-लॉरी लगाकर जीवनयापन करते हैं। ऐसे में स्वच्छ पेयजल की समस्या उनके लिए गंभीर संकट बन गई है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि स्थानीय जलदाय विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को कई बार मौखिक एवं लिखित शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। वार्डवासियों को मजबूरी में पेयजल के लिए अन्य साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से जिला प्रशासन से समस्या को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान करवाने की मांग की गई।
इस दौरान निवर्तमान पार्षद विजय चौहान, भवानी शंकर पंडित, महेंद्र राठौड़, महेंद्र छापरवाल, इकबाल, अंकुश आदिवाल, मुकेश सुखवाल, मुकेश टेलर, फिरोज, गोपी लाल मोठा, चेतन वैष्णव, देवपाल सिंह चुंडावत, किशोर कुमार सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।
