सूरौठ। स्मार्ट हलचल|जिला पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘एरिया डोमिनेशन’ व ‘ऑपरेशन शिकंजा’ के तहत पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए 3 इनामी बदमाशों सहित 7 जनों को गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी सोहन सिंह गुर्जर ने बताया कि अलग-अलग मामलों में वांछित अपराधियों को पकड़ने के लिए सूरौठ पुलिस ने जाल बिछाया। पुलिस ने एक साल से फरार चल रहे 2-2 हजार रुपये के इनामी बदमाश जितेन्द्र गुर्जर (28) और वीरा उर्फ बीरम (25) निवासी विच्छीन का पुरा आरेनी को गिरफ्तार किया। ये दोनों आरोपी बीएनएस की विभिन्न धाराओं में वांछित चल रहे थे और लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर थे।
एक अन्य महत्वपूर्ण सफलता में पुलिस ने तीन साल से फरार चल रहे इनामी आरोपी पप्पू कुमार को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई केवल इनामी बदमाशों तक सीमित नहीं रही। टीम ने हिण्डौन सिटी न्यायालय द्वारा जारी स्थायी वारंट की तामील करते हुए गोविन्द प्रसाद पुत्र राम खिलाड़ी चौवदार की ढाणी सोमला को डिटेन कर गिरफ्तार किया है। अवैध शराब के विरुद्ध अभियान चलाते हुए धंधावली निवासी जयसिंह जाटव को गिरफ्तार किया गया है, जिसके कब्जे से 55 पव्वे देशी शराब बरामद की गई है।
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाधिकारी सोहन सिंह, एएसआई साहब सिंह, विष्णु कुमार सहित कई जवान शामिल रहे। बदमाशों को गिरफ्तार करने में कॉन्स्टेबल देशराज गुर्जर की मुख्य भूमिका रही।

