स्मार्ट हलचल|सूरौठ। पुलिस महानिदेशक की ओर से संगठित अपराधियों, माफियाओं और हार्डकोर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शिकंजा’ अभियान के तहत सूरौठ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिला पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल के निर्देशन में सूरौठ पुलिस ने 10 साल से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी दीवान गुर्जर को धौलपुर के बीहड़ जंगलों से गिरफ्तार कर लिया है।
करौली एसपी लोकेश सोनवाल ने शुक्रवार की सांय सूरौठ थाने में की गई पत्रकार वार्ता में बताया कि आरोपी दीवान पुत्र मुंशी गुर्जर, निवासी बरेड थाना सदर बाडी जिला धौलपुर कुख्यात डकैत जगदीश गुर्जर गैंग का सक्रिय सदस्य है। यह शातिर अपराधी पिछले एक दशक से पुलिस की आंखों में धूल झोंक कर फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिण्डौन सिटी के सुपरविजन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी संसाधनों और सटीक मुखबिरी के आधार पर धौलपुर के बीहड़ जंगलों में लगातार पीछा कर इसे दबोच लिया। यह कार्रवाई साल 2016 में सूरौठ कस्बे में हुई एक सनसनीखेज वारदात से जुडी हुई है। 28 अगस्त 2016 की रात करीब 1:00 बजे सूरौठ निवासी कृष्णा सोनी के घर में हथियारबंद नकाबपोश बदमाश घुस आए थे। बदमाशों ने परिवार को जान से मारने की धमकी देकर तिजोरी की चाबी मांगी और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की। अपराधी वहां से 4 तोला सोना और नकदी लूटकर फरार हो गए थे। इस संबंध में थाना सूरौठ में आईपीसी की धारा 458, 380 के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में सूरौठ पुलिस सात जनों को पूर्व में गिरफ्तार कर चुकी है। जबकि दीवान गुर्जर 10 साल से फरार चल रहा था जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
इस महत्वपूर्ण सफलता में थानाधिकारी सोहन सिंह गुर्जर के नेतृत्व वाली टीम का विशेष योगदान रहा। टीम में सहायक उप-निरीक्षक विष्णु कुमार, कांस्टेबल योगेंद्र सिंह और देशराज शामिल थे। अब दीवान को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसपी सोनवाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी दीवान, कुख्यात डकैत जगदीश गुर्जर की गैंग का सक्रिय सदस्य है। इस गैंग का क्षेत्र में काफी खौफ रहा है। गिरोह के मुखिया जगदीश गुर्जर के खिलाफ राजस्थान एवं उतर प्रदेश के विभिन्न थानों में डकैती, नकदी लूट, नकबजनी सहित कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।










