अवैध एलपीजी रिफिलिंग पर जिला प्रशासन सख्त, कलेक्टर बोले- कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं*
*बिना बिल के गैस सिलेंडर रखने वालों की खैर नहीं*
ब्यावर। स्मार्ट हलचल|जिले में अवैध एलपीजी कारोबार और गैस की कालाबाजारी के खिलाफ जिला प्रशासन ने मोर्चा खोल दिया है। जिला कलेक्टर श्री कमल राम मीना के सख्त निर्देशों पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अब तक 118 घरेलू और व्यावसायिक सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं।
*छापेमारी और कानूनी कार्रवाई*
जिला रसद अधिकारी अब्दुल सादिक के नेतृत्व में प्रवर्तन अधिकारी सोहन सिंह चौहान और निरीक्षक विक्रांत मथुरिया की टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई दुकानदार बिना किसी वैध बिल, वाउचर या उपभोक्ता डायरी के IOC, BPC और HPC कंपनियों के सिलेंडर बेचते पाए गए। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक एफआईआर दर्ज की है और 10 प्रकरणों को जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय में पेश किया है।
*आपूर्ति सामान्य, कालाबाजारी पर रोक*
जिला रसद अधिकारी ने उपभोक्ताओं को आश्वस्त किया है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है। कंपनियों के पास पर्याप्त स्टॉक है और पंजीकृत केंद्रों पर सप्लाई सुचारू है। उन्होंने चेतावनी दी कि अवैध रिफिलिंग और भंडारण करने वालों के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
*कलेक्टर की अपील और हेल्पलाइन*
जिला कलेक्टर ने जनता से अपील की है कि वे केवल वैध दस्तावेजों के साथ अधिकृत डीलरों से ही गैस लें। यदि कहीं भी अवैध गैस का खेल चल रहा हो, तो तुरंत निम्नलिखित
नंबरों पर सूचना दें:
प्रशासनिक मदद: 181
कंट्रोल रूम: 01462-299314, 14435
पुलिस सहायता: 112
“सरकार आमजन की सुरक्षा और पारदर्शी सेवाओं के लिए प्रतिबद्ध है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।” – जिला प्रशासन, ब्यावर।
