SI परीक्षा 2025: ब्यावर SP ने केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, पुलिस जाब्ते को दी ब्रीफिंग

अनिल कुमार

ब्यावर |स्मार्ट हलचल|राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा आयोजित होने वाली सब-इंस्पेक्टर (SI) भर्ती परीक्षा 2025 को लेकर जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। 05 और 06 अप्रैल को होने वाली इस परीक्षा के सफल और शांतिपूर्ण संचालन हेतु पुलिस अधीक्षक (SP) ब्यावर, रतन सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेन्द्र शर्मा ने परीक्षा केंद्रों का सघन निरीक्षण किया।

*सुरक्षा व्यवस्था का जायजा और ब्रीफिंग*
अधिकारियों ने जिले के विभिन्न केंद्रों पर तैनात पुलिस जाब्ते को ब्रीफिंग दी और ड्यूटी के दौरान सतर्क रहने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा के निम्नलिखित मानकों को परखा गया:

*प्रवेश प्रक्रिया* : अभ्यर्थियों के प्रवेश और सघन तलाशी के इंतजाम।

*पहचान सत्यापन* : फर्जी परीक्षार्थियों को रोकने हेतु कड़ा पहचान सत्यापन।

*तकनीकी निगरानी* : सभी केंद्रों पर CCTV कैमरों की सक्रियता और कंट्रोल रूम से जुड़ाव।

*संवेदनशील बिंदु* : केंद्रों के आसपास के संवेदनशील इलाकों में पुलिस की विशेष तैनाती।

*नकल गिरोहों पर रहेगी पैनी नजर*
जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह ने सख्त लहजे में निर्देश दिए कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या नकल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा:

“परीक्षा की शुचिता भंग करने की कोशिश करने वाले तत्वों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी। इसके लिए सादा वर्दी में विशेष पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और मोबाइल गश्त दल लगातार सक्रिय रहेंगे।”

*आमजन और अभ्यर्थियों से अपील*
ब्यावर पुलिस ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के प्रलोभन या अफवाहों के झांसे में न आएं। यदि कोई भी व्यक्ति पेपर लीक या नकल के नाम पर ठगी की कोशिश करे, तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने सभी परीक्षा केंद्रों पर शांति और अनुशासन बनाए रखने का आग्रह किया है।