ब्यावर में ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान: बिजयनगर में 75 किलो संदिग्ध घी सीज

अनिल कुमार

ब्यावर/बिजयनगर। स्मार्ट हलचल|राजस्थान सरकार के ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत ब्यावर जिले में खाद्य सुरक्षा दल ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिला कलेक्टर कमल राम मीणा के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय गहलोत के मार्गदर्शन में टीम ने बिजयनगर और रामगढ़ में औचक निरीक्षण किया।

75 किलो घी सीज, बिक्री पर पाबंदी
खाद्य सुरक्षा दल ने आज बिजयनगर में रेलवे फाटक के सामने स्थित मैसर्स मुकेश ट्रेडर्स पर छापेमारी की। विभाग को मिली शिकायत के आधार पर की गई इस कार्रवाई में प्रतिष्ठान के मालिक मुकेश खटोड की मौजूदगी में ‘सरस घी’ का सैंपल लिया गया। टीम ने मौके से 15-15 किलो के 5 टिन (कुल 75 किलो घी) को संदिग्ध मानते हुए सीज कर दिया। दुकानदार को सख्त हिदायत दी गई है कि जब तक लैब की रिपोर्ट नहीं आ जाती, तब तक इस स्टॉक की बिक्री नहीं की जाएगी।

रामगढ़ में भी कार्रवाई
अभियान के तहत टीम ने रामगढ़ क्षेत्र का भी दौरा किया, जहाँ शुभम किराणा से घी का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया।

गर्मी में बढ़ेगी सख्ती: फल और शीतल पेय भी निशाने पर
खाद्य सुरक्षा अधिकारी नारायण सिंह ने बताया कि जिले में मिलावट रोकने के लिए यह सघन अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने आगामी योजना की जानकारी देते हुए कहा कि भीषण गर्मी के मौसम को देखते हुए अगले चरण में आइसक्रीम, शीतल पेय, शरबत के साथ-साथ मौसमी फलों जैसे तरबूज, आम, पपीता और केले की भी गहन जांच की जाएगी।

बिजयनगर से लिए गए घी के नमूनों को जांच हेतु अजमेर स्थित प्रयोगशाला (लैब) में भिजवा दिया गया है। रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।