भीलवाड़ा 18 मार्च। राजस्थान प्रदेश मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज संस्था (रजिस्टर्ड) के शिक्षा प्रकोष्ठ द्वारा कक्षा 10 एवं 12 के विद्यार्थियों के लिए विषय चयन एवं महाविद्यालय/विश्वविद्यालय चयन को लेकर महत्वपूर्ण पहल की गई है। इस संबंध में प्रदेशभर में एकदिवसीय कार्यशालाओं के आयोजन को लेकर संगठन स्तर पर विमर्श प्रारंभ किया गया है। शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रभारी प्रवीण मैढ़ ने जानकारी देते हुए बताया कि राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड एवं केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षाएं पूर्ण होने के बाद विद्यार्थियों के सामने करियर से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लेने की चुनौती होती है। कक्षा 10 के बाद विषय चयन एवं 12 वीं के बाद उच्च शिक्षण संस्थान का चयन विद्यार्थियों के भविष्य की दिशा तय करता है। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन के अभाव में कई बार विद्यार्थी भ्रमित हो जाते हैं, जिसे देखते हुए समाज संस्था ने यह पहल की है। कार्यशालाओं में विषय विशेषज्ञ विद्यार्थियों से सीधे संवाद करेंगे, उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करेंगे तथा उन्हें उपयुक्त दिशा प्रदान करेंगे। संस्था के प्रदेश अध्यक्ष शिव प्रसाद तोषावड़, महामंत्री बजरंग लाल झींगा एवं कोषाध्यक्ष राजकुमार सोनी के नेतृत्व में शिक्षा प्रकोष्ठ प्रदेशभर में इस अभियान को आगे बढ़ा रहा है। सभी संभागीय प्रभारी, जिला अध्यक्ष एवं जिला प्रभारियों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक यह सूचना पहुंचाकर कार्यशालाओं के आयोजन की तिथि शीघ्र निर्धारित करें।
शिक्षा प्रकोष्ठ सदस्य दिलीप सोनी ने बताया कि इच्छुक पदाधिकारी कार्यशाला आयोजन के संबंध में शिक्षा प्रकोष्ठ प्रभारी प्रवीण मैढ़ , सदस्य कालूराम रोड़ा (अजमेर), पुरेंद्र कुमार बबेरिया (अलवर), मामराज शाहपुरा (जयपुर), सतीष खजवाणियां (जयपुर), गुण प्रकाश कड़ेल (पाली), दिलीप सोनी डसाणिया (भीलवाड़ा), शांति स्वरूप सोनी (मकराना) एवं कोमल सोनी (डीडवाना-कुचामन) से संपर्क कर सकते हैं।
शिक्षा प्रकोष्ठ का उद्देश्य समाज के प्रत्येक विद्यार्थी को समय पर श्रेष्ठ मार्गदर्शन उपलब्ध हो, जिससे वे अपने भविष्य को मजबूत आधार दे सकें और समाज को नई ऊंचाइयों तक ले जाएं।
