भीलवाड़ा में तैराकी के सितारों का जलवा, 27 जिलों के 400 खिलाड़ी दिखाएंगे दम

पुनित चपलोत
भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|शहर में राज्य स्तरीय अंडर-14 तैराकी प्रतियोगिता का शानदार आगाज हुआ। जिला शिक्षा विभाग, खेल विभाग और सन मून पब्लिक स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ सोमवार को आरके कॉलोनी स्थित स्वामी विवेकानंद तरणताल में हुआ। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि नगर निगम महापौर जसवंत कंवर, उच्च शिक्षा के कानूनी सलाहकार एवं सदस्य लोक अदालत शांतिलाल जैन, जिला शिक्षा अधिकारी रामेश्वर प्रसाद जीनगर और जिला खेल अधिकारी हेमेंद्र सिंह राणावत ने ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता की शुरुआत की।

इस अवसर पर सन मून पब्लिक स्कूल के निदेशक एवं प्रधानाचार्य डॉ. आई.डी. बेलिम ने अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया। उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों और खेल अधिकारियों का अभिनंदन करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं। समारोह में विद्यालय के विद्यार्थियों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।

प्रतियोगिता में प्रदेश के 27 जिलों से करीब 400 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। विभिन्न जिलों से पहुंचे छात्र तैराक अलग-अलग स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे और पदक के लिए पानी में जोर आजमाइश करेंगे।

प्रतियोगिता के विभागीय प्रतिनिधि रतन लाल खटीक ने बताया कि खिलाड़ियों के लिए आयोजक सन मून पब्लिक स्कूल की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। शिक्षा और खेल विभाग के अधिकारी भी प्रतियोगिता स्थल पर मौजूद हैं। अधिकारियों के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रतियोगिता का आयोजन कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।