विश्व रक्तदाता दिवस पर ताज अरावली में रक्तदान शिविर, 56 यूनिट रक्त संग्रहित

संदीप राठौड़ ने किया 50वां रक्तदान, मानव सेवा का दिया प्रेरक संदेश
उदयपुर, 14 जून। स्मार्ट हलचल।ताज अरावली प्रबंधन, सैंडीज़ ट्रैवल टेल्स एवं लोक मित्र ब्लड बैंक के संयुक्त तत्वावधान में विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर ताज अरावली रिसॉर्ट एंड स्पा, उदयपुर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सामाजिक सरोकार और मानव सेवा को समर्पित इस पहल में होटल कर्मियों एवं अन्य रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर के दौरान कुल 56 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित होगा। कार्यक्रम की विशेष उपलब्धि यह रही कि संदीप राठौड़ ने इस अवसर पर अपना 50वां रक्तदान कर समाज के सामने सेवा और समर्पण का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर ताज अरावली रिसॉर्ट एंड स्पा के महाप्रबंधक हर्षराज सिंह, एचआर हेड प्रतिभा सिंह राठौड़, स्वराजिता रॉय सहित होटल की टीम के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए रक्तदान को सबसे बड़ा मानवीय दान बताया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि किसी अज्ञात व्यक्ति को जीवन देने का अवसर भी है। नियमित रक्तदान से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है और आपात परिस्थितियों में जरूरतमंदों की सहायता सुनिश्चित की जा सकती है।
रक्तदान शिविर के सफल आयोजन पर आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, सहयोगियों एवं चिकित्सा दल का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।