ओटीएस योजना का उठाएं लाभ, 30 सितंबर तक अंतिम अवसर — राजेश कृष्ण बिरला
कोटा नागरिक सहकारी बैंक की बैठक में 21 बिंदुओं के एजेंडे पर मंथन
कोटा।स्मार्ट हलचल|कोटा नागरिक सहकारी बैंक लिमिटेड, कोटा की संचालक मंडल एवं ऋण समिति की बैठक रावतभाटा रोड स्थित बैंक के प्रधान कार्यालय में अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में बैंक की वित्तीय स्थिति, ऋण वितरण, एनपीए वसूली, ओटीएस योजना सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की जानकारी देते हुए प्रबंध संचालक बीना बैरवा ने बताया कि बैठक में सीआरआर एवं एसएलआर की अनुपालना, ओटीएस योजना, वित्तीय विवरण एवं एलएफएआर रिपोर्ट के अनुमोदन, जमाओं की समीक्षा, एनपीए वसूली, ग्राहक सेवा, बैंक के तलपट एवं आय-व्यय की समीक्षा, सुरक्षा व्यवस्था, इंटर-ब्रांच एवं बैंक रीकन्सिलिएशन तथा प्रतिभूति निवेश सहित कुल 22 बिंदुओं के एजेंडे पर विचार-विमर्श कर आवश्यक अनुमोदन किए गए।
बैठक में अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला ने बताया कि एकमुश्त ऋण समाधान योजना-2025 (संशोधित) के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने ऋण खाताधारकों से अपील करते हुए कहा कि ओटीएस योजना के तहत 30 सितंबर तक अंतिम अवसर है, इसलिए पात्र खाताधारक इसका लाभ उठाएं।
अध्यक्ष बिरला ने एनपीए वसूली को लेकर आवश्यक दिशानिर्देश दिए तथा वसूली कार्य को और प्रभावी बनाने के लिए टीम बनाकर कार्य करने की बात कही।
बैठक में जून 2026 तक की बैंक की वित्तीय स्थिति की समीक्षा भी की गई। बैंक की कुल जमाएं 824.14 करोड़ रुपये रही, जबकि ऋण वितरण 296.65 करोड़ रुपये से अधिक रहा। वहीं 17 सदस्यों को 1.22 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृत एवं वितरित किए गए।
बैठक में उपाध्यक्ष हेमराज सिंह हाड़ा, बोर्ड संचालक महेंद्र कुमार शर्मा, सुरेश चंद्र काबरा, शैलेन्द्र ऋषि, महावीर सुवालका, अशोक मीणा, नंदलाल प्रजापति, तनिषा बादल, सहवर्तित संचालक नवनीत जाजू, प्रेम भाटिया सहित बीओएम अध्यक्ष ओम माहेश्वरी, जगदीश जिंदल, महेश अजमेरा तथा सदस्य सुरेंद्र गोयल विचित्र एवं राजेंद्र कुमार जैन उपस्थित रहे।
