जहाजपुर-पेसवानी
जहाजपुर में अखिल भारतीय श्री टाक क्षत्रिय महासभा जहाजपुर-देवली-हाड़ौती-खेराड इकाई द्वारा सावन महोत्सव एवं लहरिया उत्सव का भव्य आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। इस विशाल समारोह में समाज के सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक गोपीचंद मीणा, टाक महासभा के केंद्रीय अध्यक्ष कंवरीलाल टाक, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, उपखंड अधिकारी राजकेश मीणा, न्यायिक मजिस्ट्रेट इंद्रसिंह मीणा चित्तौड़गढ़ सहित कई जनप्रतिनिधियों एवं समाज के पदाधिकारियों ने शिरकत की। समारोह को संबोधित करते हुए विधायक गोपीचंद मीणा ने कहा कि घटारानी माता जन-जन की आस्था का केंद्र हैं, और उनके क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब भी टाक समाज ने विकास कार्यों की मांग की है, उन्होंने केवल घोषणा नहीं बल्कि वास्तविक स्वीकृति देकर कार्य को आगे बढ़ाया है। इसी क्रम में उन्होंने समाज की धर्मशाला में श्रद्धालुओं के बैठने व आयोजन के लिए 10 लाख रुपये की लागत से डोम निर्माण की स्वीकृति की घोषणा की। साथ ही, उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि समाज द्वारा जहाजपुर में जमीन की जो मांग की गई है, उसे भी जल्द पूरा किया जाएगा।
समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने समाज की एकता को सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि समाज को मजबूती प्रदान करने के लिए बुजुर्गों की भूमिका अमूल्य होती है और नई पीढ़ी को न केवल शिक्षा बल्कि संस्कार भी देने की आवश्यकता है ताकि वे बड़े होकर समाज और देश की सेवा कर सकें।
टाक महासभा के केंद्रीय अध्यक्ष कंवरीलाल टाक ने समाज की सराहना करते हुए कहा कि टाक समाज हमेशा अच्छे कार्यों में अग्रणी रहा है। उन्होंने कहा कि समाज के आयोजन में महिला शक्ति की सक्रिय भागीदारी सराहनीय है। उन्होंने बताया कि जब समाज धर्मशाला में बर्तन की कमी महसूस हुई, तो महिला मंडल ने एक फोन संदेश पर ही कुछ ही घंटों में एक लाख रुपये से अधिक की राशि एकत्र कर नए बर्तन खरीद लिए। यह एक अनुकरणीय पहल है और समाज की एकजुटता का परिचायक है।
समारोह के दौरान टाक समाज की महिलाओं ने लहरिया उत्सव धूमधाम से मनाया। महिलाएं परंपरागत परिधान पहनकर पहुंचीं और सावन के गीतों के साथ झूम उठीं। पूनम टाक के संचालन में महिलाओं ने पारंपरिक खेलों में भाग लिया। वहीं, जयश्री टाक रोपा ने गीतों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और गरीबी से उबरने के उपाय बताए। कार्यक्रम में शिव-पार्वती व राधा-कृष्ण की बच्चों द्वारा सजीव झांकियां प्रस्तुत की गईं, जो सभी के आकर्षण का केंद्र बनीं।
समारोह में विधायक गोपीचंद मीणा का समाज द्वारा भव्य स्वागत किया गया। उन्हें 51 किलो की पुष्पमाला पहनाकर, साफा बांधकर व मोमेंटो भेंटकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान टाक समाज के केंद्रीय अध्यक्ष कंवरीलाल टाक, क्षेत्रीय अध्यक्ष अनिल कुमार टाक, उपाध्यक्ष हरिप्रसाद टाक, पूर्व पालिका उपाध्यक्ष व भाजपा नगर अध्यक्ष भेरूलाल टाक, पूर्व मंडल अध्यक्ष रामप्रसाद टाक, दीपक टाक, दिनेश टाक, पूर्व केंद्रीय आय व्यय निरीक्षक रामावतार टाक सहित अनेक समाजबंधुओं द्वारा संयुक्त रूप से प्रदान किया गया। इस अवसर पर गुढ़ा सरपंच पति भेरूलाल मीणा, भाजपा एसटी मोर्चा के महेंद्र मीणा गेरूटा, मानसिंह मीणा, रामेश्वर गुर्जर, लक्ष्मण मीणा समेत अन्य अतिथियों का भी स्वागत व सम्मान किया गया।
समारोह में समाज के भामाशाहों, समाजसेवियों और प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का भी सम्मान किया गया। उदयलाल टाक, रामावतार, चिरंजीलाल, सत्यनारायण, दीपक, पत्रकार भगवत सिंह, कैलाश टाक, भेरूलाल, पार्षद श्रीमती मधु देवी टाक, शैतान टाक, पवन टाक, सुरेश टाक सहित अनेक लोगों को मोमेंटो व प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
समाज की महिला मंडल अध्यक्ष कन्या देवी टाक के नेतृत्व में समाज की महिलाओं ने जो एकता दिखाई, वह पूरे समाज के लिए प्रेरणा बनी। समाज की धर्मशाला में भोजन के बर्तनों की कमी को दूर करने के लिए उन्होंने अपने व्हाट्सएप ग्रुप पर एक संदेश डाला और कुछ ही समय में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर सहयोग करते हुए एक लाख रुपए से अधिक राशि एकत्र की। इसके बाद समारोह के दिन ही देवली से बर्तन खरीदकर समाज को समर्पित कर दिए गए। यह कार्य न केवल महिला सशक्तिकरण का उदाहरण है, बल्कि समाज सेवा की सच्ची भावना को भी दर्शाता है।
समाज की महिला मंडल ने इससे पूर्व रक्तदान शिविर का आयोजन कर समाज सेवा का परिचय दिया था और अब बर्तन क्रय कर भोजन वितरण में सहयोग की भावना को और मजबूती दी है। इस अवसर पर यह भी संकल्प लिया गया कि समाज के किसी भी आयोजन में भोजन नष्ट नहीं होने दिया जाएगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में समाज के क्षेत्रीय अध्यक्ष अनिल कुमार टाक हिंडोली ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियां साझा करते हुए समाज को एकजुट रखने और निरंतर सहयोग बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि समाज से बड़ा मेरे लिए कुछ नहीं है और मैं सदैव समाज की सेवा के लिए तत्पर रहूंगा।
कार्यक्रम में टाक महासभा के अन्य क्षेत्रीय पदाधिकारियों का भी योगदान रहा, जिनमें केंद्रीय भवन निर्माण समिति अध्यक्ष भगवतीलाल टाक रायला, शैलेन्द्र टाक भीलवाड़ा, राजेन्द्र कुमार टाक मारवाड़, लादू लाल टाक चित्तौड़गढ़, मनोज कुमार टाक डिग्गी मालपुरा, हेमसिंह टाक अजमेर, चमन सिंह टाक भीलवाड़ा, लक्ष्मीनारायण टाक, सत्यनारायण टाक आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को और भी भव्य बनाया। समाज की एकता, महिला शक्ति की भागीदारी, युवा वर्ग का उत्साह और बुजुर्गों का मार्गदर्शन, सभी ने इस आयोजन को अविस्मरणीय बना दिया।