मुकेश खटीक
मंगरोप।हमीरगढ़ नगर पालिका क्षेत्र के मंगरोप रोड नई आबादी से लापता हुए 20 वर्षीय युवक का शव तालाब से बरामद होने से क्षेत्र में शोक व सनसनी का माहौल फैल गया।मृतक की पहचान कार्तिक (20) पुत्र सत्यनारायण खटीक के रूप में हुई है,जो सेकंड ईयर का छात्र था तथा दिव्यांग भी था।जानकारी के अनुसार कार्तिक 10 जनवरी को शाम करीब 6 से 8 बजे के बीच घर से निकला था,लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने आसपास,रिश्तेदारों एवं परिचितों के यहां काफी तलाश की,लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया।युवक के लापता होने से परिजन बेहद चिंतित हो गए।परिजनों ने बताया कि घर से निकलते समय कार्तिक ने काले रंग की जैकेट और काले रंग का स्वेटर पहन रखा था तथा पैरों में चप्पल थी।उसकी ऊंचाई लगभग 5 फीट 11 इंच बताई गई है।यह भी बताया गया कि घर से निकलते समय उसके पास मोबाइल फोन नहीं था।रविवार सुबह परिजनों ने हमीरगढ़ थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई।रिपोर्ट के आधार पर थाना प्रभारी सुनील बेड़ा के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन कर कस्बे के संवेदनशील स्थानों पर तलाश शुरू की गई। तलाश के दौरान हमीरगढ़ तालाब की पाल के पास युवक का कोट तथा उससे थोड़ी दूरी पर उसकी चप्पल बरामद हुई।इससे आशंका जताई गई कि युवक संभवतः तालाब में नहाने गया होगा।सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तथा भीलवाड़ा से एसडीआरएफ की टीम को बुलवाया गया।साथ ही स्थानीय सक्रिय गोताखोर रज्जाक नीलगर,सिराज मोहम्मद,फकरुद्दीन पठान और कृष्णकांत छिपा ने भी सर्च अभियान में भाग लिया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने तालाब से कार्तिक का शव बाहर निकाल लिया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हमीरगढ़ उपजिला चिकित्सालय भिजवाया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।थाना प्रभारी सुनील बेड़ा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला तालाब में डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है,फिर भी हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।


