(पंकज पोरवाल)
श्री पालना जी देवनारायण मंदिर परिसर में मेले के साथ सम्मान समारोह, शिक्षा और युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहन देने पर जोर
भीलवाड़ा।स्मार्ट हलचल|पांसल बीड़ स्थित श्रीपालना जी देवनारायण मंदिर परिसर में श्री पालना जी देवनारायण मंदिर विकास समिति के तत्वावधान में मेला एवं सम्मान समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम में राजस्थान गुर्जर महासभा के प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री कालूलाल गुर्जर मुख्य अतिथि रहे, जबकि अध्यक्षता राजस्थान राज्य बीज निगम के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक धीरज गुर्जर ने की। समारोह में नगर निगम चुनाव में निर्वाचित गुर्जर समाज के पार्षदों का अभिनंदन किया गया। वहीं शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। वक्ताओं ने समाज की एकता, शिक्षा और सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने के साथ युवाओं की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा और संगठित सामाजिक भागीदारी के माध्यम से समाज नई पीढ़ी के लिए बेहतर अवसर तैयार कर सकता है। श्री पालना जी देवनारायण मंदिर के धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में समाज की सक्रिय भागीदारी की भी सराहना की गई। कार्यक्रम में राजस्थान गुर्जर महासभा जिलाध्यक्ष मोहनलाल सराधना, श्री पालना जी देवनारायण विकास समिति अध्यक्ष भैरूलाल गुर्जर, महामंत्री गोपाल गुर्जर (पूर्व सरपंच, मेजा), कोषाध्यक्ष रामस्वरूप कोली, जिला उपाध्यक्ष भंवरलाल सराधना, अखिल भारतीय गुर्जर महासभा जिलाध्यक्ष एवं नवनिर्वाचित पार्षद राधेश्याम भड़ाना, नवनिर्वाचित पार्षद शिवराज गुर्जर, सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं समाजजन मौजूद रहे। मेले एवं सम्मान समारोह में बड़ी संख्या में समाजजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन के सफल संचालन के लिए समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार जताया गया।