गुरु सम्मान और छात्र अभिनंदन के साथ संस्कारों का संदेश, भाविप भगत सिंह शाखा का प्रेरक आयोजन

*गुरु-शिष्य परंपरा के संरक्षण से ही संभव होगा संस्कारवान पीढ़ी का निर्माण: प्रशांत परमार*

(पंकज पोरवाल)

25 शिक्षकों, 8 मेधावी विद्यार्थियों व 2 सहायक कर्मचारियों का सम्मान, पौध वितरण व वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

 

भीलवाड़ा ।  स्मार्ट हलचल|शिक्षा, संस्कार और सम्मान की त्रिवेणी का अनुपम संगम उस समय देखने को मिला जब भारत विकास परिषद, भगत सिंह शाखा, भीलवाड़ा की ओर से आयोजित गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन कार्यक्रम में गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों के योगदान को नमन करने के साथ विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम के तहत पुलिस लाईन स्थित राजकिय विद्यालय के 25 शिक्षकों, 8 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों तथा 2 सहायक कर्मचारियों का सम्मान किया गया। शिक्षकों का श्रीफल एवं उपरणा ओढ़ाकर अभिनंदन किया गया, जबकि मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं पदक प्रदान कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई। सहायक कर्मचारियों का भी सम्मान कर विद्यालय के संचालन में उनके महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित किया गया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र कुमार गग्गड़ तथा विद्यालय प्रशासन को स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) भेंट कर सम्मानित किया गया। मुख्य वक्ता प्रशांत परमार ने अपने उद्बोधन में कहा कि गुरु केवल ज्ञान देने वाले शिक्षक ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, चरित्र और संस्कारों के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अतुलनीय होती है तथा गुरु-शिष्य परंपरा भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे नई पीढ़ी तक सहेजकर पहुंचाना सभी का दायित्व है। कार्यक्रम के दौरान किरण सेठी ने भारत विकास परिषद का परिचय देते हुए संगठन की सेवा, संस्कार, समर्पण एवं राष्ट्रीय चेतना से जुड़े विभिन्न सामाजिक कार्यों की जानकारी दी। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए सम्मानित विद्यार्थियों को पौधों का वितरण किया गया तथा विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण और हरित भविष्य के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का सफल संयोजन दीपेश खंडेलवाल ने किया। इस अवसर पर रामपाल सोमानी, प्रदीप व्यास, शिल्पा मुच्छाल, सावन बांगड़, सिद्धार्थ सोमानी, शाखा के कोषाध्यक्ष दीपक कुमार तुरक्या सहित परिषद के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। अंत में आभार प्रदर्शन के साथ राष्ट्रगान हुआ।