शिक्षक का सेवा भाव: सेवानिवृत्ति पर बच्चों के लिए बनवाया वाटर कूलर युक्त ‘जल मंदिर’

बदनोर (भीलवाड़ा)।स्मार्ट हलचल|राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, गोविंदपुरा के प्रधानाध्यापक श्री जय सिंह जैन ने अपनी सेवानिवृत्ति को यादगार और परोपकारी बनाने की एक अनूठी मिसाल पेश की है। उन्होंने अपनी सेवाओं के समापन पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं के हित में 2 लाख 51,000 रुपये की लागत से वाटर कूलर युक्त आधुनिक जल मंदिर और पानी की टंकी का निर्माण करवाकर विद्यालय को भेंट किया।
अक्सर देखा जाता है कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में गर्मी के मौसम में ठंडे और शुद्ध पानी की व्यवस्था एक चुनौती होती है। श्री जैन ने विद्यार्थियों की इस समस्या को समझते हुए अपनी जमा पूंजी से यह पुनीत कार्य करवाया। अब विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों को साल भर शीतल और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ और ग्रामीणों ने प्रधानाध्यापक श्री जैन की इस उदारता की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के समय ऐसी भेंट देना समाज के लिए प्रेरणादायक है। विद्यालय परिवार ने श्री जैन को भावभीनी विदाई देते हुए उनके सुखद भविष्य की कामना की।