पुनित चपलोत
भीलवाड़ा । शहर में तीन दिन से लापता एक बुजुर्ग का शव शनिवार सुबह बापू नगर स्थित मेजा नहर की पुलिया में फंसा मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार नाथों का खेड़ा मालोला निवासी कैलाश नाथ 11 तारीख की शाम करीब 6 बजे खेत से घर लौट रहे थे। इसी दौरान नहर के पास पैर फिसलने से उनके पानी में गिरने की आशंका जताई जा रही है। परिजनों ने बताया कि घटना के बाद कैलाश नाथ घर नहीं पहुंचे तो उनकी तलाश शुरू की गई। अगले दिन पुर थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई गई, जिसके बाद नहर का पानी रुकवाकर पुलिस और परिजनों ने खोजबीन शुरू की।
शनिवार को बापूनगर क्षेत्र में नहर की एक पुलिया में शव फंसा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया।
सूचना पर प्रताप नगर पुलिस ने जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंचकर परिजनों कि मौजूदगी में मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है ।
