तेज आंधी-बारिश में बड़ की टहनी और 11 हजार केवी लाइन का तार टूटा, बड़ा हादसा टला

हमीरगढ़ (अल्लाउद्दीन मंसूरी)। कस्बे में बुधवार को अचानक मौसम बदलने के साथ तेज आंधी और बारिश का दौर शुरू हो गया। इस दौरान मंगरोप रोड पर संस्कृत स्कूल के सामने स्थित एक विशाल बड़ के पेड़ की भारी टहनी टूटकर एक मकान एवं कपड़ों की दुकान के बाहर लगे टीन के शेड (चद्दर) पर गिर गई। टहनी गिरने से शेड क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन सौभाग्य से उस समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि टल गई। तेज आंधी के दौरान इसी क्षेत्र से गुजर रही 11 हजार केवी विद्युत लाइन का तार भी टूटकर नीचे गिर गया, जिससे कुछ समय के लिए लोगों में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत सतर्कता बरतते हुए आसपास के लोगों को दूर रहने की सलाह दी और संबंधित विभाग को सूचना दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज हवा के झोंकों के कारण अचानक पेड़ की बड़ी टहनी टूटकर नीचे आ गिरी, जिससे दुकान के बाहर लगा शेड दब गया और आसपास अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई राहगीर या ग्राहक मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों ने बताया कि इसी स्थान पर पिछले वर्ष भी तेज आंधी के दौरान इसी तरह की घटना हुई थी, लेकिन इसके बावजूद न तो पेड़ की उचित छंटाई कराई गई और न ही आवश्यक सुरक्षा उपाय किए गए। लोगों ने प्रशासन एवं विद्युत विभाग से मांग की है कि सड़क किनारे स्थित पुराने और जर्जर पेड़ों की समय-समय पर छंटाई कराई जाए तथा विद्युत लाइनों का भी नियमित रखरखाव किया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।