बिजोलिया । प्रसिद्ध तिलस्वां महादेव मेले की खुशियों के बीच क्षेत्र की सड़कों पर हादसों का साया गहराता जा रहा है। बीती रात एक श्रद्धालु की मौत के बाद गुरुवार को फिर इसी मार्ग पर एक अल्टो और ओम्नी कार के बीच भीषण भिड़ंत हो गई। पिछले एक सप्ताह के भीतर यह तीसरा बड़ा हादसा है, जिससे स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में भारी रोष और डर का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को तिलस्वां मार्ग पर विपरीत दिशा से आ रही अल्टो और ओम्नी कारें आपस में टकरा गईं। भिड़ंत इतनी तेज थी कि कारों के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को तुरंत निजी वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया। हादसा इतना जबरदस्त था की इस दुर्घटना में तीन जने गंभीर रूप से घायल हो गए जिनकी पहचान जिनकी पहचान विकास पुत्र लड्डू यादव निवासी बामनिया का तालाब, बादल पुत्र पप्पू यादव और रामलाल पुत्र मांगीलाल गंभीर रूप से घायल हो गए । विकास और बादल की हालात नाजुक होने पर उन्हें भीलवाड़ा जिला अस्पताल रेफर कर दिया और रामलाल को प्राथमिक उपचार देने के बाद छुट्टी दे दी । पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है वही घायलों का इलाज जारी है । स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि मेले के दौरान वाहनों की संख्या कई गुना बढ़ जाती है। सड़कों पर पुलिस की गश्त कम होने के कारण वाहन चालक बेखौफ होकर रफ्तार भर रहे हैं। संकरी सड़क और किनारे पर चलने वाले पैदल श्रद्धालुओं के कारण जोखिम और भी बढ़ गया है। स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि जब तक मेला चल रहा है, इस मार्ग पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाए और स्पीड ब्रेकर या संकेतक लगाए जाएं ताकि और मासूमों की जान न जाए।
