पुनित चपलोत
भीलवाड़ा । भीलवाड़ा के सुभाष नगर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जहां राजीव गांधी ऑडिटोरियम के बाहर तेज रफ्तार से दौड़ रहे ट्रैक्टर से संतुलन बिगड़ने के बाद गिरने के कारण एक महिला की ट्रैक्टर से कुचल जाने से मौके पर ही दर्दनाक मौत गई।हादसे के बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। वहीं सूचना पर सुभाष नगर थाना पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और मृतका के शव को एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसके शव को मोचरी में शिफ्ट करवाया गया है। परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जाएगी। मृतका की पहचान कमला देवी भील के रूप में हुई है। फिलहाल सुभाष नगर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रैक्टर मजदूर चौराहे की तरफ जा रहा था। ट्रैक्टर में दो महिलाएं, दो युवक और एक चालक सवार थे। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से कमला देवी ट्रैक्टर से नीचे गिर गई। नीचे गिरते ही उसके ऊपर से ट्रैक्टर का पहिया फिर गया। और कमला देवी की मौत हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दो युवकों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
