माताजी का खेड़ा के चावंडा माता मंदिर का दानपात्र तोड़कर नकदी, चांदी के छत्र व,तेजाजी मंदिर से धान-घी चुराया,बिना नंबर की होंडा ट्विस्टर व जेवरात बरामद।
किशन वैष्णव
कनेछनकलां,घरटा डाबला के मंदिरों की वारदाते भी कबुली,फरार आरोपी की तलाश जारी,अन्य वारदातों की कड़ियां भी खंगाल रही पुलिस…
शाहपुरा@स्मार्ट हलचल|आस्था के केंद्र मंदिर भी चोरों के निशाने से सुरक्षित नहीं हैं। शाहपुरा थाना क्षेत्र के माताजी का खेड़ा स्थित चावंडा माता मंदिर में दानपात्र तोड़कर नकदी और चांदी के छत्र चोरी करने के मामले में पुलिस ने फुलिया कलां थाना क्षेत्र के रूपपुरा के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर चावंडा माता मंदिर के साथ ही पास स्थित तेजाजी महाराज के मंदिर में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चांदी के दो छत्र और वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की होंडा ट्विस्टर मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में दूसरा आरोपी फरार है।पुलिस अब इस आरोपी द्वारा कबुली अन्य मंदिर चोरी की वारदातों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।माताजी का खेड़ा निवासी पुजारी कैलाश जाट ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वे स्वयं मंदिर में भोपा के रूप में पूजा-पाठ का कार्य करते हैं। मंदिर में रखे दानपात्र को अज्ञात चोरों ने तोड़ दिया और उसमें रखी नकदी के साथ चांदी के दो छत्र चुरा ले गए। दानपात्र साल में एक बार खोला जाता था। परिवादी के अनुसार, इसे खोलने पर करीब एक लाख रुपए तक की नकदी निकलती थी। चोरी की घटना से पहले दानपात्र को भी करीब सात से आठ महीने से नहीं खोला गया था।वही चोरी हुए चांदी के छत्रों पर पहचान के लिए अंदर की तरफ ‘चावंडा माता माताजी का खेड़ा’ लिखवाया हुआ था।
एक ही क्षेत्र के दो मंदिर निशाने पर, धान और घी तक नहीं छोड़ा
पुलिस के अनुसार, चोरों ने चावंडा माता मंदिर के चांदी के छत्र के अलावा पास स्थित तेजाजी महाराज के मंदिर को भी निशाना बनाया। यहां कबूतरों के लिए रखा धान और हवन के लिए रखा घी चोरी कर लिया गया। मंदिरों से धार्मिक उपयोग की सामग्री तक चोरी होने की घटना ने ग्रामीणों को चिंता में डाल दिया। पुलिस ने रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर इस संबंध मे जांच शुरू की और संभावित रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।संदिग्धों से पूछताछ तथा पूर्व में चोरी और नकबजनी की वारदातों में लिप्त रहे लोगों की जानकारी जुटाने के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंची।
सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर और पूछताछ से आरोपी तक पहुंची पुलिस
पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजुम कायल और पुलिस उप अधीक्षक नानालाल सालवी के निकटतम सुपरविजन में शाहपुरा थानाधिकारी लीलाधर मालवीय के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वारदात से जुड़े साक्ष्य संकलित किए। घटनास्थल पर आने-जाने के संभावित रास्तों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। इसके साथ ही मुखबिरों को सक्रिय कर संदिग्धों से पूछताछ की गई।अनुसंधान के दौरान रूपपुरा निवासी छोटूलाल गुर्जर (26) से पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक,पूछताछ में उसने अपने साथी सीताराम उर्फ सत्तु गुर्जर के साथ मिलकर चावंडा माता मंदिर से चांदी के दो छत्र और दानपात्र की नकदी चोरी करने तथा तेजाजी मंदिर से धान और घी चुराने की बात स्वीकार की।इसके बाद पुलिस ने छोटूलाल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया और पुलिस रिमांड प्राप्त कर आगे की जांच शुरू की।पुलिस ने आरपी से चांदी के छत्र और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की।
कनेछन और घरटा डाबला के मंदिरों की वारदातों को कबूला।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार छोटूलाल गुर्जर के विरुद्ध पूर्व में अजमेर जिले के मीरजापुर तथा भीलवाड़ा जिले के पारोली थाना क्षेत्र में चोरी और नकबजनी के प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने अपने साथी के साथ कनेछन स्थित देवनारायण मंदिर, घरटा डाबला स्थित देवनारायण मंदिर और अन्य वारदातों में भी संलिप्तता स्वीकार की है। इन मामलों में अनुसंधान जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।मामले में नामजद सह-अभियुक्त सीताराम उर्फ सत्तु गुर्जर निवासी रूपपुरा अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अन्य वारदातों, चोरी की सामग्री और घटनाओं में संभावित भूमिका को लेकर और जानकारी सामने आने की संभावना है।