दीपावली पर ग्रीन आतिशबाजी बिक्री के लिए अस्थायी लाइसेंस हेतु आवेदन आमंत्रित

​बजरंग आचार्य

सादुलपुर : -स्मार्ट हलचल|आगामी दीपावली पर्व-2026 के मध्यनजर उपखंड क्षेत्र राजगढ़ में केवल ग्रीन आतिशबाजी की बिक्री के लिए अस्थायी लाइसेंस जारी किए जाने हेतु कार्यालय उपखंड अधिकारी एवं उपखंड मजिस्ट्रेट, राजगढ़ द्वारा सार्वजनिक विज्ञप्ति जारी कर आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं।
​जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट, चूरू के निर्देशानुसार विस्फोटक नियम 2008 के तहत यह प्रक्रिया शुरू की गई है। इच्छुक आवेदकों को अपने आवेदन पत्र तीन प्रतियों में फॉर्म एई-5 (AE-5), 25 बिंदु का एफिडेविट, केस मुकदमा दर्ज नहीं होने व ग्रीन पटाखे क्रय-विक्रय संबंधी शपथ-पत्र, चार पासपोर्ट साइज फोटो, जन्मतिथि एवं दो पहचान पत्रों की स्व-सत्यापित प्रतियां, तथा चयनित शैड में दुकान लगाकर कार्य करने व किराया एवं सुविधाओं की देय राशि जमा करवाने संबंधी शपथ-पत्र जैसे आवश्यक दस्तावेजों के साथ तैयार करने होंगे।
​सभी दस्तावेजों से युक्त आवेदन पत्र फाइल कवर में सील कर कार्यालय के कक्ष संख्या 07 में 12 अक्टूबर 2026 को सांय 5:00 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकते हैं। निर्धारित तिथि के पश्चात प्राप्त होने वाले किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।