भीलवाड़ा/भारतीय मजदूर संघ से संबंध भीलवाड़ा जिला टेंपो यूनियन ने प्रभाष चौधरी के नेतृत्व में अपनी 10 सूत्रीय मांग को लेकर टेंपो सहित विशाल वाहन रैली का आयोजन किया । राजेश शर्मा ने बताया कि यह रैली श्रम विभाग मैदान से रवाना होकर मुख्य मार्गो से होती हुई जिला कलेक्ट्रेट पहुंची और रैली में शामिल सभी टेंपो चालको ने प्रदर्शन कर 10 सूत्रीय मांग पत्र जिला प्रशासन को सौंपा । कलेक्ट्रेट पर रैली को जिला मंत्री हरीश सुवालका ने संबोधित किया । रैली श्रम विभाग से शुरू होकर पांसल चौराहे होते हुए गंगापुर चौराहा, रेलवे फाटक, साबुन मार्ग, नगर निगम कार्यालय, कोतवाली रोड, रेलवे स्टेशन, सेशन कोर्ट होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची यहां सभी का एकत्रिकरण और पार्किंग की व्यवस्था विद्युत कार्यालय वाली रोड पर रहा । 10 सूत्रीय मांगों में निर्धारित टैक्सी स्टैंड पर किराया सूची लगाना, टेंपो स्टैंड के लिए निर्धारित स्टैंड तय करना, परिवहन विभाग की मीटिंग में टेंपो यूनियन के दो सदस्यों को शामिल करना, टेंपो के मार्ग तय करना, रिक्को एवं पुर टेंपो स्टैंड पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी लगाना, ट्रैफिक पुलिस द्वारा अनावश्यक रूप से चालान बनाना, विभिन्न मार्गों पर अवैध रूप से चल रहे वाहनों पर प्रतिबंध लगाने सहित अन्य कई बिंदु मांगपत्र में शामिल रहें ।
