रेड क्रॉस सोसायटी में कार्यकाल खत्म होने के बाद भी वसूली और चुनाव के नाम पर धांधली

बूंदी- स्मार्ट हलचल।इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी बूंदी की वर्तमान कार्यकारिणी पर पद का दुरुपयोग करने, वित्तीय अनियमितताओं और संविधान के उद्देश्यों के विपरीत कार्य करने के गंभीर आरोप लगे हैं। इन सभी मामलों को लेकर आज बायपास रोड स्थित एक निजी रिसोर्ट में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। जिसमें कार्यकारिणी के तानाशाही रवैए और कोष के दुरुपयोग को उजागर किया गया।प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए एडवोकेट अजय नुवाल ने बताया कि वर्तमान कार्यकारिणी का विधिक कार्यकाल सितंबर 2024 में ही समाप्त हो चुका है। कार्यकाल समाप्त होने के उपरांत भी यह कार्यकारिणी अवैध रूप से पद पर काबिज है। गंभीर आरोप है कि चुनाव करवाने के नाम पर कार्यकारिणी द्वारा नियम-विरुद्ध तरीके से 6 लाख रुपये की मोटी राशि वसूल की गई है।यही नहीं, अपनी मनमर्जी और आगामी चुनाव को प्रभावित करने की नीयत से संस्था के नियमों को ताक पर रखकर 600 नए सदस्य बना दिए गए हैं, जो पूरी तरह से अवैध और असंवैधानिक है।

प्रेस वार्ता में मौजूद सदस्यों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि जिस उद्देश्य और लोकतांत्रिक भावना के साथ इस संस्था के संविधान का निर्माण किया गया था, वर्तमान पदाधिकारी उसके ठीक विपरीत काम कर रहे हैं। संस्था के मुख्य कोष का इस्तेमाल सदस्यों के कल्याण के बजाय निजी हितों और अपनी कुर्सी बचाने के लिए किया जा रहा है। कोष के इस खुले दुरुपयोग से आम सदस्यों में भारी आक्रोश है। प्रेस वार्ता के माध्यम से पीडति पक्ष और जागरूक सदस्यों ने

जिला प्रशासन तथा संबंधित विभाग के उच्चाधिकारियों से इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने मांग की है कि सितंबर 2024 के बाद कार्यकारिणी द्वारा लिए गए सभी निर्णयों
को निरस्त घोषित किया जाए। वसूले गए 6 लाख रुपये और बनाए गए 600 सदस्यों की निष्पक्ष जांच हो। वर्तमान कार्यकारिणी को तुरंत हटाकर एक स्वतंत्र चुनाव अधिकारी की देखरेख में लोकतांत्रिक तरीके से नए सिरे से चुनाव संपन्न कराए जाएं।

सदस्यों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस वित्तीय अनियमितता और असंवैधानिक गतिविधियों पर रोक नहीं लगाई गई, तो वे न्याय के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे और उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता प्रकाश चंद्र भंडारी, चंद्र प्रकाश सेठी, मुकेश दाधीच, पुरुषोत्तम नुवाल, रवि दाधीच, अंकित शर्मा, एडवोकेट संजय शर्मा, बिट्ठल सनाढय, रघुनंदन शर्मा, अवधेश बिहारी शर्मा मौजूद रहे ।