लाखेरी -स्मार्ट हलचल।उपखंड क्षेत्र के भाण्ड गवार गांव में इन दिनों ठाकुर जी महाराज के पांच दिवसीय धार्मिक महोत्सव की धूम मची हुई है। उत्सव के तहत रविवार को निकाली गई भव्य कलश यात्रा ने पूरे गांव को भक्तिमय रंग में रंग दिया। सिर पर सजे कलश, हाथों में श्रद्धा और मुख पर भक्ति का भाव लिए सैकड़ों महिलाओं ने जब यात्रा में कदम बढ़ाए तो पूरा गांव जयकारों से गूंज उठा।
कलश यात्रा में महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सिर पर मंगल कलश धारण कर ठाकुर जी महाराज की आराधना करते हुए नगर भ्रमण किया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों और जयघोषों के बीच ठाकुर जी महाराज की महिमा का गुणगान किया। ढोल-नगाड़ों की गूंज और श्रद्धालुओं के उत्साह ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।
यात्रा के दर्शन के लिए गांव की गलियों और मार्गों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कई स्थानों पर ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया। महिलाओं, युवाओं और बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आयोजन की भव्यता में चार चांद लगा दिए।
ग्रामीणों ने बताया कि ठाकुर जी महाराज की असीम कृपा से आयोजित यह पांच दिवसीय धार्मिक महोत्सव गांव की आस्था और परंपरा का प्रतीक है। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन, धार्मिक अनुष्ठान और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। दूर-दराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं।
भाण्ड गवार गांव में निकली इस कलश यात्रा ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि ग्रामीण अंचलों में धर्म, संस्कृति और परंपराओं के प्रति लोगों की आस्था आज भी उतनी ही मजबूत और जीवंत है। श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से सराबोर यह आयो
