थलकला विद्यालय के खिलाड़ियों ने जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में जीते कई पदक, राज्य स्तर पर हुआ चयन
काछोला 28 सितम्बर – स्मार्ट हलचल|क्षेत्र के थलकलां राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ने 70वीं जिला स्तरीय 17 एवं 19 वर्षीय छात्र वर्ग की विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय थलकला के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया। प्रशिक्षक मदन लाल मीणा ने बताया कि खिलाड़ियों ने कबड्डी, कराटे और वेटलिफ्टिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कई पदक हासिल किए तथा राज्य स्तर के लिए चयनित हुए।
कराटे में चार पदक
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बड़ू, करेड़ा, भीलवाड़ा में आयोजित 70वीं जिला स्तरीय 17/19 वर्षीय छात्र वर्ग कराटे प्रतियोगिता में थलकला विद्यालय के खिलाड़ियों ने चार पदक जीते। 19 वर्षीय वर्ग में कक्षा 10 के देवराज सेन ने रजत पदक प्राप्त किया। 17 वर्षीय वर्ग में कक्षा 9 के सुनील कुमार एवं सांवत कीर ने कांस्य पदक हासिल किए, जबकि कक्षा 10 के भागीरथ कीर ने रजत पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
वेटलिफ्टिंग में अक्षिता ने जीता स्वर्ण
जिला स्तरीय 17 वर्षीय छात्रा वर्ग की 48 किलोग्राम भार वर्ग वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कल्याणपुरा में आयोजित हुई। इसमें राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय थलकला की कक्षा 10 की छात्रा अक्षिता जाट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक प्राप्त किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर अक्षिता जाट का राज्य स्तर के लिए चयन हुआ।
कबड्डी में टीम उपविजेता, दो खिलाड़ियों का राज्य स्तर पर चयन
70वीं जिला स्तरीय 17/19 वर्षीय छात्र वर्ग कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नई अरवड़, शाहपुरा में हुआ। प्रतियोगिता में राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय थलकला की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का स्थान प्राप्त किया।
17 वर्षीय कबड्डी टीम में कक्षा 10 के नन्दलाल कहार ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए बेस्ट रेडर का खिताब हासिल किया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका राज्य स्तर के लिए चयन हुआ। वहीं 19 वर्षीय कबड्डी टीम में कक्षा 12 के ओम प्रकाश लुहार का भी राज्य स्तर के लिए चयन किया गया।
विद्यालय के इन खिलाड़ियों की उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। प्रधानाचार्य रामप्रसाद माली ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनकी मेहनत, अनुशासन, खेल भावना और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। विद्यालय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।