पुनित चपलोत
भीलवाड़ा।स्मार्ट हलचल|सदर थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े एक महिला को कार से कुचलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गंभीर हालत में महिला को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मामला करीब 5 लाख रुपए के लेनदेन और जीप किराए पर देने से जुड़े विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। मृतका के बेटे किशन लोहार ने भीलवाड़ा निवासी बंटी छीपा पुत्र यासीन छीपा पर उसकी मां को कार से कुचलकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
किशन ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले उसने अपने चचेरे भाई, जिसका नाम भी किशन है, उसे बंटी छीपा से 1500 रुपए प्रतिदिन के हिसाब से जीप किराए पर दिलवाई थी। आरोप है कि जीप किराए पर लेने के बाद उसी दिन पुर थाना क्षेत्र में उसका एक्सीडेंट हो गया था। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इसके बाद पुलिस ने जीप को जब्त कर लिया था। गाड़ी के आवश्यक दस्तावेज नहीं होने के कारण जीप थाने से रिलीज नहीं हो सकी।
किशन के मुताबिक जीप जब्त होने के बाद बंटी छीपा ने परिवार से करीब 5 लाख रुपए जीप की कीमत के रूप में मांगने शुरू कर दिए। उसका आरोप है कि पिछले करीब एक साल से रुपए देने के लिए परिवार पर दबाव बनाया जा रहा था। रुपए नहीं देने पर परिवार को लगातार परेशान और धमकाया गया। किशन का दावा है कि इसी परेशानी के चलते परिवार को अपना मकान और प्लॉट छोड़कर भीलवाड़ा आकर रहने के लिए मजबूर होना पड़ा।
मंगलवार को किशन की मां फैक्ट्री के गेट के पास गाय-भैंस चरा रही थी, जबकि किशन फैक्ट्री के अंदर काम कर रहा था। इसी दौरान आरोपी कार लेकर वहां पहुंचा। किशन का आरोप है कि बंटी ने उसकी मां को कार से कुचल दिया और आगे-पीछे कार चढ़ाकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। किशन के अनुसार कार में तीन-चार लोग सवार थे।
घटना के समय फैक्ट्री मैनेजर सहित करीब 20-25 श्रमिक मौके पर मौजूद बताए जा रहे हैं। मृतका के बेटे ने इसे हादसा नहीं बल्कि जानबूझकर की गई हत्या बताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मृतका प्रियदर्शनी कॉलोनी में अपने बेटे और बेटी के साथ रहती थी। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल, वाहन, प्रत्यक्षदर्शियों और रुपए के विवाद से जुड़े पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारण और घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
