राजियावास की बेटियों का कमाल: दिव्या और पूर्णिमा का कोटा बालिका फुटबॉल अकादमी में चयन

 

69वीं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद मिला मुकाम; अब मुफ्त में मिलेगी नेशनल लेवल की कोचिंग और शिक्षा

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|ग्राम पंचायत राजियावास की दो होनहार बेटियों ने फुटबॉल के मैदान में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए पूरे जिले का नाम रोशन किया है। राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, राजियावास की कक्षा 10वीं की छात्रा दिव्या (पुत्री त्रिलोकसिंह) और पूर्णिमा (पुत्री मुकेशसिंह) का चयन राज्य क्रीडा परिषद बालिका फुटबॉल अकादमी, कोटा में हुआ है। शुक्रवार को दोनों बालिकाओं ने कोटा पहुंचकर अपनी एडमिशन प्रक्रिया पूरी कर ली।

ग्राम पंचायत प्रशासक ब्रजपालसिंह रावत ने बताया कि गत वर्ष आयोजित 69वीं राज्य स्तरीय अंडर-17 व 19 बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता 2025 में दोनों बालिकाओं ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया था। इसमें से बालिका पूर्णिमा का चयन पूर्व में राष्ट्रीय स्तरीय बालिका फुटबॉल टीम के प्रशिक्षण शिविर के लिए भी हो चुका है।

अकादमी में मिलेंगी ये सुविधाएं
कोटा बालिका फुटबॉल अकादमी में प्रवेश मिलने के बाद अब दोनों खिलाड़ियों को शासन की ओर से:

निःशुल्क उत्कृष्ट आवास (हॉस्टल)

पौष्टिक भोजन और स्वास्थ्य सुविधाएं

उच्च स्तरीय शिक्षा

प्रोफेशनल फुटबॉल कोचिंग

गांव और विद्यालय में खुशी की लहर
बेटियों की इस ऐतिहासिक सफलता पर विद्यालय के प्राचार्य महेश कुमार ओलानिया, शारीरिक शिक्षिका श्रीमती रूपकला शर्मा, परिजनों और ग्रामीणों ने हर्ष व्यक्त किया। प्रशासक ब्रजपालसिंह ने कहा, “राजियावास की बेटियों ने साबित कर दिया है कि लगन से हर मुकाम हासिल किया जा सकता है। हमें पूरा विश्वास है कि ये दोनों बेटियां आने वाले समय में राज्य और देश का नाम रोशन करेंगी।”