महिला आरक्षण पर झूठ व भ्रमजाल फैलाकर राजनीति कर रही भाजपा सरकार – डॉ शिखा मील बराला

चौमू विधायक ने जिला कांग्रेस की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता को किया संबोधित

जानबूझकर परिसीमन से जोड़ा गया महिला आरक्षण- महावीर मीणा

बूंदी – स्मार्ट हलचल|राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से सोमवार को बूंदी पहुंची चौमू विधायक व कांग्रेस नेता डॉ शिखा मिल बराला ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के द्वारा महिला आरक्षण पर झूठ और भ्रमजाल फैलाकर राजनीति की जा रही है। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर बूंदी जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता में डॉ शिखा मिल बराला ने कहा कि वर्तमान में केंद्र की भाजपा सरकार ने महिला आरक्षण के नाम पर अपने राजनीतिक कुटिलता से परिसीमन करने की कोशिश की थी जो विफल हो गयी है।उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार महिला आरक्षण लागू करने के प्रति ईमानदार सोच रखती है तो आज वर्तमान स्थिति में भी लागू कर सकती है इसके लिये मनमाने परिसीमन की क्या आवश्यकता है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने महिला सशक्तिकरण और महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने में देश में अग्रणी एवं ऐतिहासिक भूमिका निभायी है। उन्होंने कहा कि सर्वप्रथम महिला आरक्षण विधायक 1996 में कांग्रेस के समर्थन से चल रही तत्कालीन प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा सरकार के समय कांग्रेस के द्वारा ही संसद में पेश किया गया था जो पारित नहीं हो सका था और जेपीसी को भेज दिया गया था। 2010 में यूपीए सरकार ने महिला आरक्षण बिल राज्यसभा में पारित करवाया था।

नगरीय निकाय व पंचायत राज में कांग्रेस ने लागू किया महिला आरक्षण

सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता में विधायक शिखा मिल बराला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की सरकार ने ही 1992 में देश में महिलाओं की भागीदारी राजनीति के मुख्य धारा में सुनिश्चित करने एवं प्रतिनिधित्व देने के लिये संविधान के 73 वे 74 वे संशोधन के माध्यम से नगरीय निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं को संवैधानिक मान्यता देते हुये महिलाओं के लिये 33 प्रतिशत आरक्षण लागू किया है।

2023 में भाजपा ने ही लागू नहीं होने दिया महिला आरक्षण

डॉ शिखा मिल बराला ने कहा कि 2023 में महिला आरक्षण कानून (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) संसद में सर्वसंपत्ति से पारित हुआ था जिसमें कांग्रेस ने अधिनियम के लिये दबाव बनाकर महत्वपूर्ण भूमिका निभायी थी। कांग्रेस पार्टी ने संसद में इस आरक्षण को तत्काल लागू कर आगामी लोकसभा पर विधानसभा चुनाव 33 प्रतिशतमहिला आरक्षण के साथ करवाने की मांग की थी।लेकिन भाजपा सरकार ने इस आरक्षण को उस समय से लेकर आज तक लागू नहीं होने दिया और इसमें जनगणना करवाने और परिसीमन की शर्तों को साथ में जोड़ दिया।

महिला आरक्षण के लिये परिसीमन की आवश्यकता नहीं-मीणा

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महावीर मीणा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जानबूझकर महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ रही है जबकि महिला आरक्षण लागू करने के लिये परिसीमन की कोई आवश्यकता नहीं है। पूर्व में भी पंचायतराज व नगर निकाय चुनाव में बिना परिसीमन के महिला आरक्षण लागू किया जा चुका है। कांग्रेसी अध्यक्ष मीणा ने कहा कि भाजपा महिला आरक्षण के विषय मे अनर्गल दुष्प्रचार कर रही है।

इस अवसर पर निवर्तमान जिला प्रमुख व महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष चंद्रावतीकंवर, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य चर्मेश शर्मा,ओबीसी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बृजमोहन यादव,पूर्व ब्लाक अध्यक्ष बाबूलाल वर्मा,पूर्व प्रधान मधु वर्मा,महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव संतोष भाकल,कीर्ति सुखवाल,ममता जैन, कांग्रेस नेता हनुमान भाकल,लोकेश सुखवाल भी उपस्थित रहे।