बी एम राठौर
सांगोद 26 मार्च को सांगोद, स्मार्ट हलचल|डाबरीखुर्द गांव से तीन दिन पूर्व लापता युवक का शव गुरूवार दोपहर को श्यामपुरा रोड पर सड़ी गली हालत में मिला। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने शव की पहचान कर परिजनों को सूचित किया तथा शव को उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। शुक्रवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। जानकारी के अनुसार श्यामपुरा रोड पर बावड़ी के पास सड़क किनारे ड्रेन में युवक का शव पड़ा होने की सूचना पर पुलिस उपअधीक्षक नरेन्द्र जैन व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त करवाई। शव बुरी तरह सडांध मार रहा था। शव की पहचान तीन दिन से घर से लापता डाबरीखुर्द निवासी रामावतार नायक के रूप में हुई। संदिग्ध हालत होने से पुलिस ने एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाकर जांच करवाई। उपनिरीक्षक अब्दुल कलाम ने बताया कि फिलहाल मौत के कारणों की जानकारी नहीं लग पाई। परिजनों से भी चर्चा हुई है। शुक्रवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। उसके बाद ही मौत के कारण सामने आएंगे।
