हिंडौन सिटी।स्मार्ट हलचल|शहर में जलभराव की समस्या से लोगों को राहत दिलाने के लिए नगर परिषद ने नालों की तलझाड़ सफाई का अभियान शुरू किया है। अभियान को लेकर सभापति प्रतिनिधि दिलीप चतुर्वेदी खुद मैदान में उतरकर काम की निगरानी कर रहे हैं। वे सफाई कार्य के दौरान मौके पर मौजूद रहकर जेसीबी से निकलने वाली मिट्टी और कचरे को हटवाने से लेकर काम की प्रगति तक पर नजर रख रहे हैं। उनका जोर इस बात पर है कि नालों की सफाई केवल औपचारिकता बनकर न रह जाए, बल्कि तलहटी तक जमा मिट्टी और गंदगी हटाकर पानी निकासी का रास्ता पूरी तरह साफ हो।
नगर परिषद की ओर से 26 नवंबर से शुरू किए गए इस अभियान में शहर के करीब साढ़े 5 किलोमीटर लंबे नालों की सफाई कराई जाएगी। इसके लिए दो चरण निर्धारित किए गए हैं। पहले चरण में बयाना मोड़ से महवा मार्ग स्थित आरओबी तक करीब 2 किलोमीटर लंबे नालों की तलझाड़ सफाई कराई जा रही है। इसके अलावा बयाना मोड़ से मनीराम पार्क तक के नालों की सफाई भी पहले चरण में शामिल है। इस काम को करीब 10 दिन में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद दूसरे चरण में मनीराम पार्क से बयाना रोड स्थित खरैटा पुलिया तक करीब ढाई किलोमीटर लंबे नालों की सफाई कराई जाएगी।
शाम 4 बजे से रात 11 बजे तक मौके पर चल रहा काम
दिलीप चतुर्वेदी अधिकारियों और सफाई कर्मचारियों के साथ लगातार संपर्क में रहकर अभियान की प्रगति देख रहे हैं। सफाई कार्य का समय भी इस तरह तय किया गया है कि दिन में शहर की आवाजाही और यातायात व्यवस्था प्रभावित नहीं हो। रोजाना शाम 4 बजे से काम शुरू होकर रात 11 बजे तक चलता है। इसके लिए एक जेसीबी, चार ट्रैक्टर और 10 सफाईकर्मियों की टीम लगाई गई है। जेसीबी से नालों में जमा मिट्टी और कचरा बाहर निकाला जा रहा है, जिसे ट्रैक्टरों से मौके से हटवाया जा रहा है।
पांच फीट गहरे नालों की तलहटी तक होगी सफाई
शहर के इन प्रमुख नालों की गहराई करीब पांच फीट है। लंबे समय से जमा मिट्टी और कचरे के कारण पानी निकासी प्रभावित होने की आशंका रहती है। ऐसे में नगर परिषद का फोकस नालों की तलहटी तक सफाई कराने पर है। एईएन मुकेश कुमार मीना ने बताया कि दोनों चरणों में करीब साढ़े 5 किलोमीटर लंबे नालों की सफाई कराई जाएगी। इसके लिए 20 से 25 दिन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अभियान की निगरानी में नगर परिषद आयुक्त दिलीप शर्मा, एईएन मुकेश कुमार मीना, सफाई निरीक्षक पूजा जाटव और अतिक्रमण प्रभारी भूपेंद्र कुमार गुर्जर भी जुटे हुए हैं। सभापति विजय कुमारी चतुर्वेदी के निर्देश पर शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। नगर परिषद का प्रयास है कि नालों की सफाई से पानी निकासी सुचारू हो और बारिश के दौरान लोगों को जलभराव की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।