छपरा रेलखंड पर चला शिकंजा, 103 यात्री धराए,रेलवे ने वसूला जुर्माना!

 

ट्रेन में बिना टिकट सफर करना यात्रियों को पड़ा भारी!

वाराणसी।स्मार्ट हलचल|रेल में बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ वाराणसी मंडल ने सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार को बड़ा अभियान चलाया, जिससे पूरे छपरा-सिवान-थावे-जलालपुर-मशरख-छपरा कचहरी रेलखंड पर हड़कंप मच गया और बिना टिकट सफर करने वाले यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान के नेतृत्व में 8 अप्रैल 2026 को चलाए गए इस सघन टिकट चेकिंग अभियान में टीम ने छपरा, सिवान, थावे, जलालपुर और मशरख स्टेशनों को आधार बनाकर छपरा कचहरी-थावे-मशरख रेलखंड पर किलाबंदी करते हुए ताबड़तोड़ कार्रवाई की। अभियान के दौरान 75103 छपरा-थावे डेमू, 75105 थावे-नकहा जंगल डेमू, 55036 गोरखपुर-सिवान सवारी गाड़ी और 55109 थावे-मशरख-छपरा कचहरी सवारी गाड़ी सहित कई ट्रेनों में अचानक घुसकर चारों ओर से घेराबंदी कर टिकट जांच की गई, जिससे बिना टिकट यात्रा कर रहे यात्रियों के होश उड़ गए और कई ने बचने की कोशिश भी की लेकिन टीम की मुस्तैदी के आगे उनकी एक न चली। इस पूरे अभियान में मुख्य वाणिज्य निरीक्षक थावे विशाल कुमार सिंह के नेतृत्व में मुख्य टिकट निरीक्षक सईद अख्तर, राजेश सिंह, राजीव कुमार, अमित कुमार, सुधाकर मिश्रा, प्रकाश कुमार, प्रतिमा कुमारी और ममता कुमारी सहित कुल 8 टिकट जांच कर्मियों की टीम और रेलवे सुरक्षा बल के एक जवान ने मिलकर सघन जांच अभियान को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान बिना टिकट या अनियमित टिकट पर यात्रा कर रहे कुल 103 यात्रियों को पकड़ा गया और उनसे मौके पर ही 27,850 रुपये का जुर्माना वसूल कर रेलवे को राजस्व प्राप्त हुआ, जिसके बाद सभी को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। इस सख्ती का असर यह रहा कि अभियान के दौरान स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर लंबी-लंबी कतारें लग गईं और लोग जल्दबाजी में टिकट लेते नजर आए, जिससे साफ दिखा कि रेलवे की कार्रवाई ने यात्रियों को नियमों के पालन के लिए मजबूर कर दिया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि सभी यात्री रेल नियमों का पालन करें, बिना टिकट यात्रा न करें और हमेशा वैध टिकट लेकर ही सफर करें, साथ ही ट्रेनों और स्टेशनों पर स्वच्छता बनाए रखें। जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने इस अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि रेलवे आगे भी इसी तरह सघन जांच अभियान चलाता रहेगा, जिससे बिना टिकट यात्रा करने वालों पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके और नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके।