अतिक्रमण हटवाने की मांग पर जिला कलेक्टर कार्यालय ने उपखंड अधिकारी को भेजा पत्र-मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश
शिवराज बारवाल मीना
टोंक/उनियारा।स्मार्ट हलचल|उनियारा उपखंड मुख्यालय कस्बा उनियारा में एसडीएम कार्यालय के समीप कॉलोनी में अतिक्रमण हटवाने से जुड़े मामले में राजस्थान उच्च न्यायालय, जयपुर के आदेश की पालना को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। जिला कलेक्टर कार्यालय टोंक की ओर से उपखंड अधिकारी उनियारा को पत्र जारी कर न्यायालय के आदेश की नियमानुसार पालना सुनिश्चित करने तथा सात दिवस में पालना रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला कलेक्टर कार्यालय टोंक से 20 नवंबर 2026 को जारी पत्र क्रमांक : एफ12 (राजस्व)/PLPC/2026/5584 के अनुसार, परिवादी नेमीचंद पुत्र केसीराम मीणा, निवासी उनियारा एसडीओ कार्यालय के पास, उनियारा, जिला टोंक की ओर से 17 नवंबर 2026 को प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया था। प्रार्थना पत्र में राजस्थान उच्च न्यायालय, जयपुर में दायर डीबी सिविल रिट (पीआईएलपी) याचिका संख्या 20981/2026, नेमीचंद मीणा बनाम राजस्थान राज्य एवं अन्य में न्यायालय द्वारा 30 अक्टूबर 2026 को पारित आदेश की पालना करवाने तथा अतिक्रमण हटवाने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई थी। इस पर जिला कलेक्टर कार्यालय ने संबंधित प्रार्थना पत्र एवं उसके संलग्न दस्तावेजों की प्रति उपखंड अधिकारी उनियारा को भेजते हुए निर्देशित किया है कि उच्च न्यायालय के पारित आदेश की नियमानुसार पालना करवाई जाए तथा सात दिवस के भीतर पालना रिपोर्ट जिला कलेक्टर कार्यालय को आवश्यक रूप से भिजवाई जाए। साथ ही पत्र को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए हैं। अब जिला कलेक्टर के निर्देशों के बाद संबंधित मामले में उपखंड प्रशासन की ओर से की जाने वाली कार्रवाई पर नजर रहेगी।