बेखौफ बदमाश, बेबस पुलिस! 5वें दिन भी नहीं खुली लूट की गुत्थी
संजय चौरसिया
हरनावदाशाहजी।स्मार्ट हलचल|कस्बे के कुशवाह मोहल्ले में हुई सनसनीखेज लूट की वारदात को बुधवार को पांच दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक किसी ठोस सुराग तक नहीं पहुंच सकी है। घटना के बाद से क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। वहीं लगातार बढ़ रही चोरी और लूट की वारदातों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बुधवार शाम छबड़ा डिप्टी ताराचंद वर्मा ने घटनास्थल पर पहुंचकर मौका मुआयना किया और पुलिस टीम से अब तक की जांच की जानकारी ली। उन्होंने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए, लेकिन इसके बावजूद पुलिस के हाथ अब भी खाली हैं।
इससे पहले मंगलवार को बढ़ते जनाक्रोश के बीच छबड़ा-छीपाबड़ौद के पूर्व विधायक करण सिंह राठौड़ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और व्यापारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर थानाधिकारी के नाम एएसआई डालूराम गुर्जर को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान सीआई को मौके पर बुलाने की मांग की गई, लेकिन उनके नहीं पहुंचने से लोगों में नाराजगी और बढ़ गई।
पूर्व विधायक राठौड़ ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) से फोन पर वार्ता कर मामले के शीघ्र खुलासे की मांग की। पुलिस के सुस्त रवैए के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और चेतावनी दी गई कि यदि 15 दिन के भीतर लूट का खुलासा नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन में बताया गया कि कुछ दिन पूर्व कुशवाह मोहल्ले में नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में घुसकर परिवार को बंधक बनाया, मारपीट की और सोने-चांदी के जेवर सहित करीब ढाई लाख रुपए की लूट कर फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज बना अहम सुराग, फिर भी गिरफ्त से दूर
मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरों में तीन नकाबपोश संदिग्ध कैद हुए हैं। फुटेज में बदमाश घटना के बाद एक गली से होते हुए बाजार की ओर भागते नजर आ रहे हैं। राधाकृष्ण मंदिर क्षेत्र में भी उनकी गतिविधियां सामने आई हैं, लेकिन पुलिस अब तक उनकी पहचान नहीं कर सकी है।
लगातार बढ़ रही वारदातें, नहीं कोई खुलासा
कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। खेतों से पानी की मोटर चोरी, बस स्टैंड स्थित ढाबे पर चोरी, नयागांव बंजारी में दीवार तोड़कर चोरी, सूने मकानों के ताले तोड़ना, बीच बाजार से तेल का टीन उठाना, बाइक और मोबाइल चोरी जैसी कई वारदातें सामने आ चुकी हैं, लेकिन इनका भी अब तक कोई खुलासा नहीं हो पाया है।
लगातार बढ़ती वारदातों और धीमी पुलिस कार्रवाई के चलते कस्बे में असुरक्षा का माहौल गहराता जा रहा है। अब सबकी नजरें पुलिस की अगली कार्रवाई और इस लूट के खुलासे पर टिकी हैं।
