नवगठित ग्राम पंचायत गंधेरी की पहली सरपंच आशा प्रभुलाल हर्षल ने विधि विधान से पूजा अर्चना कर संभाला पदभार

कोटड़ी। स्मार्ट हलचल|नवगठित ग्राम पंचायत गंधेरी की नवनिर्वाचित प्रथम सरपंच आशा प्रभुलाल हर्षल ने विधि विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा अर्चना कर सरपंच पद का कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर उपसरपंच एवं सभी वार्ड पंचों ने भी एक साथ ग्राम पंचायत कार्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण किया। सरपंच आशा प्रभुलाल हर्षल ने पदभार ग्रहण समारोह में भगवान श्री देवनारायण एवं श्री चारभुजानाथ को साक्षी मानकर ग्राम पंचायत गंधेरी के सभी गांवों का बिना किसी भेदभाव के सर्वांगीण विकास करने का संकल्प लिया गया। इस दौरान ग्राम पंचायत क्षेत्र के सभी गांवों के देवस्थानों के पुजारियों, सरपंच, उपसरपंच, वार्ड पंचों, ग्राम विकास अधिकारी एवं उपस्थित बुजुर्गों का माला एवं साफा पहनाकर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए नवनिर्वाचित सरपंच आशा प्रभुलाल हर्षल ने कहा कि ग्राम पंचायत गंधेरी की जनता ने जो विश्वास और जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। आमजन की समस्याओं का समाधान, ग्रामीण विकास, पंचायत राज की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तथा ग्राम पंचायत स्तर पर होने वाले सभी विकास कार्य पूरी पारदर्शिता एवं ईमानदारी से करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत गंधेरी को एक आदर्श ग्राम पंचायत बनाने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के सहयोग से सामूहिक प्रयास किए जाएंगे। विकास कार्यों में किसी भी गांव अथवा व्यक्ति के साथ भेदभाव नहीं होगा। सभी गांवों को समान महत्व देते हुए शिक्षा, पेयजल, सड़क, स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। कार्यक्रम में उपस्थित हजारों ग्रामीणों ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए ग्राम पंचायत के उज्ज्वल भविष्य एवं विकास की उम्मीद जताई।