– बजरी माफिया बेलगाम: ट्रॉली पलटी, बाइक बजरी में दबी-सूचना के दो घंटे बाद पहुंची पुलिस,
– अवैध बजरी का खेल उजागर: ट्रॉली पलटी, बाइक दब गई-वीडियो वायरल होने पर हरकत में आई पुलिस
टोंक/उनियारा। स्मार्ट हलचल|उनियारा सर्किल के अलीगढ़ थाना क्षेत्र के चोरू कस्बे में बुधवार सुबह बजरी से भरी एक ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने से हड़कंप मच गया। चोरू बस स्टैंड स्थित बरवाड़ा चौराहे पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिसके बाद ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में मोटरसाइकिल बजरी के नीचे दबकर क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पीछे आ रहे चार–पांच अन्य बजरी से भरे ट्रैक्टरों को ग्रामीणों ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों का आरोप है कि घटना की सूचना देने के बावजूद अलीगढ़ थाना पुलिस करीब दो घंटे बाद मौके पर पहुंची। इस दौरान बजरी माफिया के लोग लोडर मशीन लेकर आए और पलटी हुई ट्रॉली को सीधा कर ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके से हटाकर फरार हो गए। पीड़ित बाइक मालिक बृजमोहन यादव के अनुसार दुर्घटना में उसकी मोटरसाइकिल को करीब 10 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद क्षेत्र में अवैध बजरी परिवहन को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।
*वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल*
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और मामला मीडिया में आने के बाद अलीगढ़ थाना पुलिस ने अलग कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत जब्त करना दर्शाया। इसके साथ ही कथित रैकी के मामले में एक बोलेरो वाहन को धारा 185 में जब्त दिखाया गया। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 170 के तहत शांति भंग की आशंका में सामान्य प्रकरण दर्ज किया।हालांकि इस कार्रवाई को लेकर भी स्थानीय लोगों में सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जिस ट्रैक्टर-ट्रॉली से हादसा हुआ, वह मौके से फरार हो गई थी, जबकि बाद में की गई कार्रवाई से वास्तविक जिम्मेदारों पर कार्रवाई को लेकर संदेह पैदा हो रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में अवैध बजरी परिवहन और पुलिस की कार्यशैली को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
